एकलव्य खिलाड़ियों ने कबड्डी में बक्सर जिले का बढ़ाया मान सम्मान
पटना को 58-24 से हराकर अंडर-14 में बना चैंपियन, राष्ट्रीय विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता के लिए 11 खिलाड़ियों का चयन

बक्सर। राज्य स्तरीय विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 में एकलव्य आवासीय प्रशिक्षण केंद्र, डुमरांव, बक्सर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर जिले का मान बढ़ाया है। भोजपुर जिले के आरा में आयोजित राज्य स्तरीय बालक कबड्डी प्रतियोगिता के अंडर-14 वर्ग के फाइनल मुकाबले में बक्सर की टीम ने पटना को 58-24 के बड़े अंतर से पराजित कर विजेता का खिताब अपने नाम कर लिया। इस शानदार जीत के बाद जिले के खेल प्रेमियों में खुशी का माहौल है। वहीं, प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर एकलव्य कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र के 11 खिलाड़ियों का चयन 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 के लिए किया गया है।



फाइनल में पटना की टीम को दी करारी शिकस्त
आरा में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में डुमरांव के खिलाड़ियों ने शुरुआत से ही आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। खिलाड़ियों ने बेहतरीन तालमेल, मजबूत रणनीति और शानदार रक्षात्मक क्षमता का परिचय देते हुए पटना की टीम को मुकाबले में बढ़त बनाने का मौका नहीं दिया। अंततः बक्सर की टीम ने 58-24 के बड़े अंतर से जीत दर्ज कर अंडर-14 बालक वर्ग का खिताब अपने नाम कर लिया।
इस जीत में आदित्य कुमार, अंकित कुमार, गुलशन कुमार, हैप्पी कुमार, राकेश कुमार, आयुष कुमार गुप्ता, कृष राज, अनूप कुमार, प्रिंस कुमार और कृष्ण कुमार ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी खिलाड़ियों के सामूहिक प्रयास और अनुशासित खेल ने टीम को चैंपियन बनाने में अहम योगदान दिया।
राष्ट्रीय प्रतियोगिता में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे खिलाड़ी
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले एकलव्य कबड्डी प्रशिक्षण केंद्र, बक्सर के 11 खिलाड़ियों का चयन 70वीं राष्ट्रीय विद्यालय कबड्डी प्रतियोगिता 2026-27 के लिए हुआ है। चयनित खिलाड़ी अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 वर्गों में राष्ट्रीय स्तर पर बिहार टीम का प्रतिनिधित्व करेंगे। इससे जिले के युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का बड़ा अवसर मिलेगा।
डीएम साहिला ने दी बधाई
बक्सर की जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन, लगन और प्रशिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय स्तर पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बिहार और बक्सर जिले का नाम रोशन करेंगे।
जिलाधिकारी ने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास करने और खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करने के लिए प्रेरित किया। राज्य स्तर पर मिली इस सफलता ने जिले में खेल प्रतिभाओं की क्षमता को एक बार फिर सामने ला दिया है।




