
बक्सर। जिले के सिमरी अंचल क्षेत्र के तिलक राय के हाता थाना परिसर में शुक्रवार को भूमि विवाद के निपटारे के दौरान जमकर मारपीट होने का मामला सामने आया है। इस घटना में सिमरी के अंचलाधिकारी (सीओ) भगवती शंकर पांडेय गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद पुलिसकर्मियों की मदद से उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, सिमरी पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार कराया जा रहा है। थाने में ही एक प्रशासनिक अधिकारी के साथ हुई मारपीट की घटना से इलाके में चर्चा का माहौल है।
घायल अंचलाधिकारी ने बताया कि बीते 1 अगस्त 2026 को केशवपुर पंचायत के मानिकपुर गांव निवासी प्रथम पक्ष के रामबचन यादव एवं अन्य तथा द्वितीय पक्ष के ओमप्रकाश यादव एवं अन्य के बीच भूमि विवाद को लेकर शिकायत की गई थी। दोनों पक्षों के बीच विवाद लगातार जारी था। इसी मामले को सुलझाने के लिए शुक्रवार को तिलक राय के हाता थानाध्यक्ष ने फोन कर उन्हें थाने पर बुलाया था।
सीओ के अनुसार, थाने पहुंचने के बाद दोनों पक्षों की मौजूदगी में भूमि विवाद का समाधान कराने की प्रक्रिया चल रही थी। इसी दौरान जसदेव यादव ने उनका कॉलर पकड़कर धक्का दे दिया। जब उन्होंने इसका विरोध किया तो आरोप है कि जसदेव यादव ने जान से मारने की नीयत से उनका गला दबाना शुरू कर दिया और मारपीट कर उन्हें जख्मी कर दिया।
घटना को लेकर अंचलाधिकारी की ओर से तिलक राय के हाता थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। मामले में थानाध्यक्ष रोहित कुमार ने बताया कि शुक्रवार को करीब 1:30 बजे थाना परिसर में मारपीट और हाथापाई की घटना हुई थी। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घटना की जांच और आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जसदेव यादव, पिता रामचंद्र यादव को हिरासत में लिया गया है।


थाना परिसर में भूमि विवाद के निपटारे के दौरान अंचलाधिकारी के साथ हुई इस घटना ने प्रशासनिक सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।



