दलसागर में अगहनी धान की फसल कटनी प्रयोग में 73.240 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उपज दर्ज
अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने खेत में पहुंचकर किया फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण, कृषि उत्पादन के सटीक आकलन पर दिया जोर

बक्सर। जिले में कृषि उत्पादन का वास्तविक आकलन करने और किसानों के हित में संचालित सरकारी योजनाओं को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से अगहनी धान फसल कटनी प्रयोग कराया जा रहा है। इसी क्रम में बुधवार को अपर समाहर्ता बक्सर अरुण कुमार सिंह ने बक्सर सदर प्रखंड की दलसागर पंचायत अंतर्गत दलसागर गांव में पहुंचकर फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण किया। इस दौरान कृषक कृष्णा सिंह के खेत में निर्धारित प्रक्रिया के तहत फसल कटनी प्रयोग संपन्न कराया गया। प्रयोग में 73.240 क्विंटल प्रति हेक्टेयर औसत उपज दर प्राप्त हुई।
जानकारी के अनुसार, कृषि वर्ष 2026-27 के तहत खेसरा संख्या 948 स्थित किसान कृष्णा सिंह के खेत में यह प्रयोग किया गया। किसान सलाहकार एवं प्रयोगकर्ता ओम प्रकाश ने निर्धारित मानकों के अनुसार 10 मीटर लंबाई और 5 मीटर चौड़ाई वाले आयताकार क्षेत्र में धान की फसल की कटनी कराई। इस प्रकार कुल 50 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में फसल कटनी प्रयोग संपन्न हुआ।
कटनी के बाद प्राप्त धान की उपज का वजन किया गया, जिसमें कुल 36.620 किलोग्राम धान प्राप्त हुआ। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर औसत उपज दर 73.240 क्विंटल आकलित की गई। इस आंकड़े के माध्यम से संबंधित क्षेत्र में धान उत्पादन की स्थिति का आकलन किया गया।
इस अवसर पर अपर समाहर्ता अरुण कुमार सिंह ने फसल कटनी प्रयोग की प्रक्रिया का जायजा लिया। कृषि उत्पादन के सही और पारदर्शी आंकड़े तैयार करने के लिए निर्धारित प्रक्रिया एवं मानकों का पालन करना महत्वपूर्ण है। फसल कटनी प्रयोग से प्राप्त आंकड़े कृषि उत्पादन के आकलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। साथ ही इन्हीं आंकड़ों के आधार पर किसानों के हित में संचालित विभिन्न सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में भी मदद मिलती है।


निरीक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी, सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, बक्सर सदर, कृषि समन्वयक, किसान सलाहकार सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी मौजूद रहे।



