खेलकूदबक्सरबिहार

चार स्वर्ण पदकों से चमके कैप्टन विजेंद्र, एशियाड चयनित खिलाड़ियों का सम्मान

आईईएसएम बक्सर की बैठक में पूर्व सैनिकों ने प्रतिभाओं का बढ़ाया हौसला, विजेता खिलाड़ियों के परिजनों को मुफ्त इलाज की घोषणा

बक्सर। बिहार राज्य इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर की बैठक शुक्रवार, 6 नवंबर को मां मुंडेश्वरी अस्पताल में आयोजित की गई। बैठक में एशियाड खेलों में तैराकी प्रतियोगिता के दौरान चार स्वर्ण पदक जीतने वाले सपही गांव निवासी कैप्टन विजेंद्र कुमार राय तथा एशियाड के लिए चयनित बक्सर के तीन खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों पर गर्व जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम की अध्यक्षता संगठन के चेयरमैन डॉ. मेजर पीके पांडेय और जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने की। मंच संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया। जिले के विभिन्न प्रखंडों से करीब 150 पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने भाग लिया।

एशियाड में तैराकी के क्षेत्र में चार स्वर्ण पदक जीतने वाले कैप्टन विजेंद्र कुमार राय को अंगवस्त्र, मोमेंटो और माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया। वहीं, एशियाड के लिए चयनित बक्सर के लाल चंदन कुमार, रूपा कुमारी और चांदनी कुमारी को भी अंगवस्त्र एवं माल्यार्पण कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर डॉ. मेजर पीके पांडेय ने महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि कैप्टन विजेंद्र कुमार राय और एशियाड के लिए चयनित तीनों खिलाड़ियों के परिवार का कोई भी सदस्य मां मुंडेश्वरी अस्पताल में इलाज कराने आएगा, तो उसका निःशुल्क उपचार किया जाएगा। इस घोषणा का उपस्थित पूर्व सैनिकों एवं वीरांगनाओं ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ स्वागत किया।

बैठक में पूर्व सैनिकों की पेंशन एवं अन्य सुविधाओं पर भी विस्तार से चर्चा हुई। जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी, कैप्टन कन्हैया पंडित और जिला उपाध्यक्ष लेफ्टिनेंट आरबी ओझा ने सैनिकों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी। वहीं, सूबेदार विद्यासागर चौबे ने साइबर ठगी से सतर्क रहने की अपील की।

कैप्टन विजेंद्र कुमार राय ने सभी सैनिकों के प्रति आभार जताते हुए एशियाड के लिए चयनित खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक जीतने के लिए आवश्यक टिप्स दिए। खिलाड़ियों ने अपनी सफलता का श्रेय गुरुजनों और माता-पिता को दिया।

बैठक के दौरान 10 सैनिकों ने संगठन की सदस्यता ग्रहण की। नायब सूबेदार रामचंद्र गुप्ता ने पोती के जन्म की खुशी में उपस्थित सैनिकों के लिए नाश्ते की व्यवस्था की। अंत में राष्ट्रगान के बाद सभापति कैप्टन बीएन पांडेय ने बैठक समाप्ति की घोषणा की।

मौके पर संगठन के पदाधिकारी, पूर्व सैनिक, वीरांगनाएं और सम्मानित खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button