


सिमरी (बक्सर)। बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड अंतर्गत दुल्लहपुर पंचायत के पांडेपुर गांव में गुरुवार को पूर्व प्रखंड प्रमुख स्वर्गीय सत्यनारायण दुबे की पुण्यतिथि श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में सामाजिक, शैक्षणिक और खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से छठ पोखरा, लाइब्रेरी, सिलाई सेंटर और जिम सेंटर का उद्घाटन किया गया। बक्सर लोकसभा क्षेत्र के सांसद सुधाकर सिंह और ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक शंभू नाथ सिंह यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इन सुविधाओं का लोकार्पण किया।
कार्यक्रम की शुरुआत स्वर्गीय सत्यनारायण दुबे के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इस दौरान सैकड़ों नेताओं, पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों ने उनके व्यक्तित्व एवं कृतित्व को याद करते हुए उनके सामाजिक योगदान को नमन किया।
सामाजिक विकास के कार्यों को आगे बढ़ाना ही सच्ची श्रद्धांजलि
कार्यक्रम के आयोजक प्रखंड प्रमुख प्रतिनिधि विजय शंकर दुबे ने कहा कि स्वर्गीय सत्यनारायण दुबे ने हमेशा समाज के विकास और जनसेवा को प्राथमिकता दी। उनकी पुण्यतिथि पर गांव में पुस्तकालय, सिलाई सेंटर और जिम सेंटर जैसी सुविधाओं की शुरुआत करना उनके सपनों को आगे बढ़ाने का प्रयास है। उन्होंने कहा कि इन केंद्रों से युवाओं, महिलाओं और विद्यार्थियों को लाभ मिलेगा।
सांसद सुधाकर सिंह ने कहा कि स्वर्गीय सत्यनारायण दुबे का जीवन जनसेवा और सामाजिक सरोकारों के लिए समर्पित रहा। उनके विचारों और कार्यों से प्रेरणा लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार और खेलकूद की सुविधाओं को मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि गांवों में ऐसी पहल से युवाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
विधायक शंभू नाथ सिंह यादव ने कहा कि स्वर्गीय सत्यनारायण दुबे का योगदान क्षेत्र के लोगों के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके बताए रास्ते पर चलते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
इस मौके पर आयोजक विजय शंकर दुबे, व्यास मुनि दुबे, विशेश्वर दुबे, अमित कुमार दुबे सहित परिजनों ने उपस्थित नेताओं, पत्रकारों और पंचायत प्रतिनिधियों को अंगवस्त्र एवं पुष्पमाला देकर सम्मानित किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायक अशोक मिश्रा ने अपनी प्रस्तुति से लोगों का मन मोह लिया। मंच संचालन भोलू पांडे ने किया। वहीं, संध्या पांच बजे से राज्यस्तरीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें बिहार और उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में दोनों राज्यों के कई दिग्गज नेताओं और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति रही।




