अपराधआल न्यूजबक्सरबिहार

नुआंव के पास भीषण सड़क हादसा, कार सवार दो की मौत, तीन गंभीर

पानी के टैंकर और मिक्सर मशीन से टकराई तेज रफ्तार अर्टिगा, देवघर से दर्शन कर लखनऊ लौट रहे थे सभी सवार

कृष्णाब्रह्म (बक्सर)। जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र अंतर्गत नुआंव गांव के समीप शनिवार की सुबह करीब छह बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज रफ्तार अर्टिगा कार सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर और सड़क निर्माण में लगी मिक्सर मशीन से टकरा गई। हादसे में मृतकों में एक महिला और एक पुरुष शामिल हैं। कार में सवार सभी पांचों लोग उत्तर प्रदेश के लखनऊ के रहने वाले थे और देवघर से दर्शन कर लौट रहे थे।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और गाड़ी के एयरबैग खुल गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। कार में सवार लोगों के साथ रखा सामान सड़क पर बिखर गया। दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पीछे दाईं ओर बैठी महिला का शव कार से लटक गया।

तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर मशीन से टकराई कार

प्रत्यक्षदर्शी कृष्णा शर्मा ने बताया कि कार पटना की ओर से तेज रफ्तार में आ रही थी। नुआंव गांव के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सड़क किनारे खड़े पानी के टैंकर तथा मिक्सर मशीन से जा टकराया। टक्कर के बाद कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे के बाद स्थानीय लोग मौके पर जुट गए। लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे घायलों को बाहर निकाला और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। घायलों को पहले अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। तीनों घायलों का इलाज जारी है।

पुलिस ने शुरू की जांच, परिजनों को दी गई सूचना

घटना की सूचना मिलते ही कृष्णाब्रह्म थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया तथा मृतकों और घायलों की पहचान करने की प्रक्रिया शुरू की।

थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि पुलिस को चार-पांच नाम मिले हैं, लेकिन किस नाम का कौन व्यक्ति है, इसकी पुष्टि की जा रही है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।

इस दर्दनाक हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है। देवघर से दर्शन कर घर लौट रहे परिवार की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button