
बक्सर। जिले में बच्चों को पोलियो जैसी गंभीर बीमारी
से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से रविवार को पांच दिवसीय पल्स पोलियो अभियान का शुभारंभ किया गया। 22 से 26 नवंबर 2026 तक संचालित होने वाले इस अभियान की शुरुआत शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सह हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, बक्सर में नवजात शिशु को पोलियो की दो बूंद खुराक पिलाकर की गई। इस अवसर पर उप विकास आयुक्त निहारिका छवि एवं सिविल सर्जन डॉ. शिव कुमार प्रसाद चक्रवर्ती ने संयुक्त रूप से अभियान का उद्घाटन किया।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, इस अभियान के तहत जिले में जन्म से लेकर पांच वर्ष तक के कुल 2,63,772 बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभियान को सफल बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने व्यापक तैयारियां की हैं। जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में घर-घर जाकर बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने के लिए कुल 760 टीमों का गठन किया गया है।
इनमें 623 गृह भ्रमण टीमें, 112 ट्रांजिट टीमें तथा 13 मोबाइल टीमें शामिल हैं। गृह भ्रमण टीमें घर-घर पहुंचकर पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक देंगी। वहीं, ट्रांजिट टीमें रेलवे स्टेशन और बस स्टैंड जैसे सार्वजनिक स्थानों पर तैनात रहेंगी, ताकि यात्रा करने वाले परिवारों के बच्चे भी खुराक से वंचित न रहें। इसके अलावा मोबाइल टीमें ईंट-भट्ठों और घुमंतू आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचकर बच्चों को दवा पिलाएंगी।
अभियान की नियमित निगरानी एवं प्रभावी संचालन के लिए 277 पर्यवेक्षकों की तैनाती की गई है। इस कार्य में आशा कार्यकर्ता, एएनएम, आंगनबाड़ी सेविका और स्वयंसेवकों की भी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी।
जिला प्रशासन एवं स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अपने पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पोलियो की दो बूंद अवश्य पिलाएं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अभियान की सफलता जनसहभागिता पर निर्भर करती है। इसलिए प्रत्येक अभिभावक अपनी जिम्मेदारी निभाएं, ताकि कोई भी बच्चा पोलियो की खुराक से वंचित न रहे। बच्चों का सुरक्षित भविष्य सुनिश्चित करने के लिए अभियान में सभी का सहयोग जरूरी है।



