Uncategorizedआल न्यूजबक्सरबिहार

सड़क हादसों, भू-विवाद और अवैध खनन पर डीएम सख्त

ब्लैक स्पॉट सुधारने, यातायात नियमों का पालन कराने और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के निर्देश

बक्सर। जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, भू-विवादों का त्वरित निपटारा करने और अवैध कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में जिलाधिकारी श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। इसमें सड़क सुरक्षा, भू-विवाद, विधि-व्यवस्था, मद्यनिषेध, NCORD, साइबर अपराध, अवैध खनन, लोक शिकायत और लोक सेवा अधिकार अधिनियम से जुड़े मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई।

 

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनहित से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप कार्य करने के साथ लंबित मामलों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

 

सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने की पहल

 

जिला सड़क सुरक्षा की समीक्षा के दौरान डीएम ने जिले में दुर्घटना संभावित स्थलों (ब्लैक स्पॉट) को चिह्नित कर वहां आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग को सुनिश्चित कराने तथा ओवर स्पीडिंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमित जांच अभियान चलाने को कहा। सड़क सुरक्षा को लेकर आम लोगों में जागरूकता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

 

भू-विवाद और अवैध खनन पर विशेष नजर

 

भू-विवाद से संबंधित मामलों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने सभी अंचल अधिकारियों और थानाध्यक्षों को आपसी समन्वय स्थापित कर विवादों का नियमानुसार त्वरित निष्पादन करने का निर्देश दिया। संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरतने तथा विवादों को समय रहते सुलझाने पर बल दिया गया।

 

वहीं, अवैध खनन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई का निर्देश देते हुए खनन विभाग को अवैध बालू उत्खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ नियमित छापेमारी एवं जांच अभियान चलाने को कहा गया।

 

मद्यनिषेध और साइबर अपराध पर भी सख्ती

 

मद्यनिषेध एवं NCORD की समीक्षा में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध कारोबार पर रोक लगाने के लिए संबंधित विभागों को समन्वित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। साइबर अपराध के मामलों में त्वरित कार्रवाई के साथ आम नागरिकों को साइबर ठगी से बचाव के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया।

 

इसके अतिरिक्त लोक शिकायत और लोक सेवा अधिकार अधिनियम के तहत प्राप्त आवेदनों की समीक्षा करते हुए डीएम ने निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को संवेदनशीलता, जवाबदेही और तत्परता के साथ कार्य करने की हिदायत देते हुए स्पष्ट किया कि प्रशासन की प्राथमिकता आम जनता को समय पर न्याय और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराना है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button