Uncategorizedआल न्यूजबक्सरबिहार

अगहनी धान की उपज का आकलन, 28.440 क्विंटल प्रति हेक्टेयर उत्पादन दर्ज

उप निदेशक रश्मि ने ब्रह्मपुर के कृतसागर गांव में फसल कटनी प्रयोग का किया निरीक्षण, जन्म-मृत्यु रजिस्ट्रीकरण कार्यालय की भी ली जानकारी

बक्सर। कृषि वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में अगहनी धान की फसल की वास्तविक उपज का आकलन करने के लिए फसल कटनी प्रयोग कराया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार, 23 नवंबर को अर्थ एवं सांख्यिकी निदेशालय, बिहार, पटना की उप निदेशक श्रीमती रश्मि ने ब्रह्मपुर प्रखंड के योगिया पंचायत अंतर्गत कृतसागर गांव पहुंचकर धान फसल कटनी प्रयोग का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पूरी प्रक्रिया का अवलोकन करते हुए उपज के आंकड़ों की जानकारी ली।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृतसागर गांव में किसान महेन्द्र सिंह, पिता स्वर्गीय विजय नारायण सिंह के खेत में फसल कटनी प्रयोग संपन्न कराया गया। यह प्रयोग खेत के खेसरा संख्या 821 में किसान सलाहकार मानकेश्वर यादव द्वारा किया गया। निर्धारित मानकों के अनुसार फसल कटनी के लिए 10 मीटर लंबा और 5 मीटर चौड़ा आयताकार क्षेत्र चिह्नित किया गया। इस प्रकार कुल 50 वर्गमीटर क्षेत्र में धान की कटनी कर उपज का वजन किया गया।

 

कटनी प्रयोग के दौरान चयनित क्षेत्र से कुल 14.220 किलोग्राम धान की उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर धान की औसत उपज दर 28.440 क्विंटल प्रति हेक्टेयर आकलित की गई। उप निदेशक रश्मि ने प्रयोग की प्रक्रिया का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित कर्मियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

 

फसल कटनी प्रयोग के आंकड़े कृषि उत्पादन का वास्तविक आकलन करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इनके आधार पर जिले में विभिन्न फसलों की उत्पादकता का अनुमान लगाया जाता है। साथ ही कृषि संबंधी योजनाओं और नीतियों के निर्माण में भी इन आंकड़ों का उपयोग किया जाता है।

 

फसल कटनी प्रयोग के निरीक्षण के बाद उप निदेशक ने नगर पंचायत ब्रह्मपुर स्थित जन्म एवं मृत्यु रजिस्ट्रीकरण कार्यालय का भी निरीक्षण किया। यहां उन्होंने जन्म एवं मृत्यु के पंजीकरण से संबंधित कार्यों की समीक्षा की तथा अभिलेखों और रजिस्ट्रीकरण प्रक्रिया के बेहतर संचालन के लिए संबंधित कर्मियों को आवश्यक सुझाव एवं निर्देश दिए।

 

निरीक्षण के दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मोती कुमार दिनकर, प्रखंड सांख्यिकी पदाधिकारी मुन्ना अंसारी, डाटा एंट्री ऑपरेटर प्रमोद तिवारी, किसान सलाहकार मानकेश्वर यादव सहित अन्य संबंधित कर्मी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button