Uncategorized

ढाई लाख के गांजे की खेप के साथ दो तस्कर गिरफ्तार

थोक में लाई जाती थी खेप, जिले में खुदरा स्तर पर होती थी तस्करी

बक्सर, डुमरांव | मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ लगातार कार्रवाई कर रही डुमरांव पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने 22 किलो गांजा जैसे मादक पदार्थ के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब ढाई लाख रुपये बताई जा रही है।

यह कार्रवाई एसडीपीओ पोलत्स कुमार के नेतृत्व में नया भोजपुर थानाध्यक्ष चंदन कुमार एवं पुलिस टीम द्वारा की गई। मामले की जानकारी पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि नया भोजपुर फ्लाईओवर के नीचे गांजा जैसे मादक पदार्थ की लोडिंग की जा रही है। सूचना मिलते ही एसडीपीओ के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन कर छापेमारी की गई।

उड़ीसा–झारखंड से लाई जाती थी खेप

छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि एक उजले रंग की वरना कार (डब्ल्यूबी 12 सी 4455) से एक ऑटो (यूपी 67 एटी 3419) पर मादक पदार्थ की लोडिंग की जा रही थी। पुलिस को देखते ही तस्कर भागने लगे, लेकिन तत्परता दिखाते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया, जबकि कुछ लोग फरार हो गए।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान सिमरी थाना क्षेत्र के दुधिपट्टी गांव निवासी अखिलेश कुमार यादव (पिता–विद्यासागर यादव) एवं हरेंद्र माली (पिता–चनालाल माली) के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार, बरामद गांजा जैसी खेप सिमरी निवासी गोरख कुमार नामक व्यक्ति अपने वाहन से लेकर आया था। प्रारंभिक पूछताछ में खुलासा हुआ है कि तस्कर उड़ीसा और झारखंड से थोक में मादक पदार्थ लाकर जिले में पहुंचाते थे और यहां इसे छोटे-छोटे हिस्सों में स्थानीय तस्करों के बीच वितरित किया जाता था।

पहले भी हो चुकी है बड़ी बरामदगी

गौरतलब है कि हाल ही में नया भोजपुर थाना क्षेत्र से करीब दो करोड़ रुपये मूल्य का ब्राउन शुगर बरामद किया गया था, जिसमें दो अभियुक्तों की गिरफ्तारी हुई थी। इससे स्पष्ट है कि डुमरांव पुलिस मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है।

इस मामले में नया भोजपुर थाना में कांड संख्या 08/26 के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष के अलावा सुमन कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button