
बक्सर। समाहरणालय स्थित सभाकक्ष में शुक्रवार को आंतरिक संसाधन एवं जिला राजस्व समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई। जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में जिले में राजस्व से जुड़े विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। इस दौरान मुख्य सचिव, बिहार द्वारा दिए गए निर्देशों के आलोक में राजस्व कार्यों के त्वरित निष्पादन को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने जमाबंदी अद्यतनीकरण तथा नामांतरण एवं उत्तराधिकार से संबंधित मामलों के लिए विशेष अभियान संचालित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व से जुड़े मामलों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी निर्धारित समय-सीमा के भीतर मामलों का निष्पादन सुनिश्चित करें, ताकि आम लोगों को राजस्व कार्यालयों का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े।
डीएम ने राजस्व महाअभियान, दाखिल-खारिज, भूमि मापी एवं अभियान बसेरा-2 की भी समीक्षा की। उन्होंने सभी अंचल अधिकारियों को इन अभियानों के तहत लंबित मामलों के निष्पादन में तेजी लाने का निर्देश दिया। विशेष रूप से अभियान बसेरा-2 के तहत पर्चा वितरण की प्रक्रिया को गति देने तथा पात्र लाभुकों को इसका लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया गया।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने राजस्व संबंधी कार्यों में समयबद्धता और प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर विशेष बल दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा करते हुए उनके निष्पादन की प्रक्रिया को तेज किया जाए।

जिला प्रशासन की ओर से राजस्व कार्यों को प्राथमिकता दिए जाने से जमाबंदी अद्यतनीकरण, नामांतरण, उत्तराधिकार, दाखिल-खारिज और भूमि मापी जैसे मामलों के शीघ्र निष्पादन की उम्मीद है। बैठक में संबंधित विभागों के पदाधिकारी एवं सभी अंचलों के अधिकारी उपस्थित रहे।



