
बक्सर। जिले में पिछले दो दिनों से लगातार बारिश और तेज हवाओं का दौर जारी है। इसी बीच शुक्रवार की देर रात बक्सर शहर में तेज हवा के कारण दो अलग-अलग स्थानों पर पुराने पेड़ धराशायी हो गए। पेड़ गिरने से बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हो गए, जिसके चलते शहर के कई हिस्सों में विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। हालांकि दोनों घटनाओं में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पहली घटना मॉडल थाना के समीप पंचमुखी महावीर जी के पास हुई, जहां तेज हवा के बीच एक पुराना पेड़ सड़क पर गिर पड़ा। वहीं दूसरी घटना महिला थाना और गोला बाजार के समीप हुई। दोनों जगह पेड़ गिरने से कुछ देर के लिए आवागमन प्रभावित रहा और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी की स्थिति बन गई।
पेड़ों की चपेट में आने से बिजली के पोल और तार भी क्षतिग्रस्त हुए। इसके बाद विद्युत विभाग ने एहतियातन संबंधित इलाकों की बिजली आपूर्ति बंद कर दी। बिजली गुल होने से देर रात से ही कई मोहल्लों के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों पेड़ काफी पुराने थे। लोगों का कहना है कि शहर में नाला निर्माण के दौरान आसपास मिट्टी की कटाई किए जाने से पेड़ों की जड़ें कमजोर होने की आशंका पहले से बनी हुई थी। लोगों ने बताया कि पूर्व में नगर थाना के समीप नाला निर्माण के दौरान भी एक पेड़ दिन में ही गिर गया था। उस समय स्थानीय लोगों ने निर्माण कार्य के दौरान पेड़ों की सुरक्षा को लेकर आपत्ति जताई थी।
शनिवार की सुबह बिजली बाधित रहने और कई स्थानों पर रास्ता प्रभावित होने से स्कूल जाने वाले बच्चों और उनके अभिभावकों की परेशानी बढ़ गई। कुछ जगहों पर स्कूल बसों के आवागमन में भी दिक्कत सामने आई। अभिभावकों को बच्चों को समय पर स्कूल पहुंचाने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
स्थानीय लोगों ने संबंधित विभागों से जल्द से जल्द गिरे पेड़ों को हटाने, क्षतिग्रस्त बिजली व्यवस्था दुरुस्त करने और शहर में पुराने व कमजोर पेड़ों की सुरक्षा को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।



