गंगा की तेज धार में डूबे विक्रम का शव बरामद
एसडीआरएफ और गोताखोरों की कड़ी मशक्कत के बाद बाढ़ के पानी में मिला शव, परिजनों में मचा कोहराम

ब्रेकिंग | चक्की, बक्सर। चक्की प्रखंड क्षेत्र के भोला डेरा गांव निवासी करीब 22 वर्षीय युवक विक्रम कुमार यादव का शव शनिवार को कड़ी मशक्कत के बाद बरामद कर लिया गया। युवक गंगा के बढ़ते जलस्तर के कारण बाढ़ के पानी की तेज धार में डूबकर लापता हो गया था। शव मिलने की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भोला डेरा गांव निवासी उमाशंकर यादव का पुत्र विक्रम कुमार यादव शनिवार की सुबह पशुओं को चराने के लिए प्राणपुर बांध के समीप गया था। इसी दौरान वह स्नान करने के लिए बाढ़ के पानी में उतरा, जहां तेज धारा की चपेट में आने के बाद वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई।
युवक की तलाश में एसडीआरएफ की टीम, स्थानीय गोताखोर और प्रशासनिक कर्मी लगातार अभियान चला रहे थे। अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे के नेतृत्व में शनिवार को भी खोजबीन जारी रही। इसी दौरान करीब दोपहर 1:20 बजे प्राणपुर चट्टी और जवही के बीच उत्तरी दिशा में बाढ़ के पानी में युवक का तैरता हुआ शव दिखाई दिया। एसडीआरएफ टीम और गोताखोरों ने तत्काल शव को पानी से बाहर निकाला।
शव बरामद होने के दौरान ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के राजद विधायक शंभूनाथ सिंह यादव भी मोटरबोट से घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक, अंचलाधिकारी और एसडीआरएफ की मौजूदगी में शव को बाहर निकाला गया।
शव मिलने की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, वे घटनास्थल पर पहुंचे और दहाड़ मारकर रोने लगे। परिजनों के करुण विलाप से वहां मौजूद सैकड़ों लोगों का कलेजा दहल उठा। पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है। घटना के बाद ग्रामीणों ने बढ़ते जलस्तर और गंगा की तेज धार को देखते हुए लोगों से बाढ़ के पानी में नहीं जाने की अपील की है।




