गंगा की तेज धार में डूबा युवक, दूसरे दिन भी तलाश जारी
पशुओं को चराने के दौरान स्नान करने गया था युवक, एसडीआरएफ और गोताखोरों ने चलाया खोज अभियान

चक्की, बक्सर। चक्की प्रखंड क्षेत्र के भोला डेरा गांव निवासी करीब 22 वर्षीय युवक उमाशंकर यादव के गंगा नदी की तेज धार में डूबकर लापता होने से गांव में मातम का माहौल है। घटना शुक्रवार की सुबह करीब 10 बजे प्रानपुर के समीप बांध के पास हुई। शनिवार की सुबह से भी एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम युवक की तलाश में जुटी हुई है, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका है।
घटना के संबंध में युवक के पिता विक्रम यादव ने बताया कि उनका पुत्र उमाशंकर यादव शुक्रवार की सुबह पशुओं को लेकर प्रानपुर स्थित बांध के समीप चराने के लिए गया था। इसी दौरान वह गंगा नदी में स्नान करने लगा। गंगा के बढ़े जलस्तर और तेज धार की चपेट में आने के कारण वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते लापता हो गया।
परिजनों को घटना की जानकारी गांव के कुछ युवकों के माध्यम से मिली। युवकों ने भोला डेरा पहुंचकर बताया कि उमाशंकर गंगा की तेज धार में डूब गया है। सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और युवक की तलाश शुरू कर दी।
घटना की सूचना मिलने पर ब्रह्मपुर विधायक शंभूनाथ सिंह यादव, सरपंच डॉ. टुना सहित अन्य लोग घटनास्थल पर पहुंचे। विधायक ने तत्काल चक्की अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे ने घटना की जानकारी देते हुए राहत एवं बचाव कार्य तेज कराने का निर्देश दिया। इसके बाद एसडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों की टीम ने नदी में उतरकर पूरे दिन खोजबीन की, लेकिन सफलता नहीं मिली।
विधायक शंभूनाथ सिंह यादव ने कहा कि युवक के गंगा में लापता होने की सूचना मिलते ही वे घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासन और एसडीआरएफ की टीम लगातार युवक की तलाश कर रही है। उन्होंने कहा कि खोज अभियान में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होने दी जाएगी और युवक को तलाशने के लिए हरसंभव प्रयास किया जा रहा है।
शनिवार की सुबह से एक बार फिर खोज अभियान शुरू कर दिया गया है। ग्रामीण और परिजन नदी किनारे बड़ी संख्या में मौजूद हैं तथा उमाशंकर के सकुशल बरामद होने की उम्मीद लगाए हुए हैं। मौके पर पूर्व मुखिया सह राजद नेता अंगद सिंह यादव,,जामवंत यादव, सरपंच सुदर्शन यादव, उर्फ टुना यादव,,रामदास डेरा थाना प्रभारी अभिषेक कुमार,, एसडीआरएएफ की टीम मौजूद रहे।
संवाददाता, सुंदर लाल 

hdrForward: 0; multi-frame: 1;
module: photo;hw-remosaic: false;touch: (-1.0, -1.0);sceneMode: 8;cct_value: 0;AI_Scene: (-1, -1);aec_lux: 0.0;aec_lux_index: 0;HdrStatus: off;albedo: ;confidence: ;motionLevel: 0;weatherinfo: null;temperature: 44;




