मकर संक्रांति पूर्व डीएम ने रामरेखा-सिपाही घाट का निरीक्षण
पतंग महोत्सव व श्रद्धालुओं की सुविधा पर प्रशासन सख्त

बक्सर। मकर संक्रांति एवं मौनी अमावस्या पर्व को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। मंगलवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिता ने रामरेखा घाट एवं सिपाही घाट का स्थल निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पर्व एवं पतंग महोत्सव के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं और आमजनों की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वच्छता व्यवस्था का गहन जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, जिला जन संपर्क पदाधिकारी, यातायात पुलिस उपाधीक्षक सहित नगर परिषद एवं अन्य विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने बताया कि 14 जनवरी 2026 को आयोजित होने वाले पतंग महोत्सव के लिए सिपाही घाट के पश्चिमी भाग में कार्यक्रम स्थल तथा पूर्वी भाग में पार्किंग क्षेत्र चिन्हित किया गया है। महोत्सव के दौरान फ्लैश मॉब डांस, म्यूजिकल चेयर, कबड्डी, खो-खो, रस्साकशी, हैंडबॉल सहित विभिन्न सांस्कृतिक एवं खेल गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने नगर परिषद को कार्यक्रम स्थल के आसपास मजबूत बैरिकेडिंग, पर्याप्त डस्टबीन, पेयजल, चलंत एवं अस्थायी शौचालय की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। रामरेखा घाट पर सीढ़ियों पर लगी अनावश्यक चौकियों को हटाने, साफ-सफाई दुरुस्त करने तथा आपदा चेतावनी का नियमित प्रसारण करने को कहा गया।
उन्होंने घाटों पर सीसीटीवी कैमरे, लाइट की व्यवस्था को लेकर निर्देश दिया।




