बक्सर में दरोगा भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद
18 व 21 जनवरी को दो पालियों में होगी परीक्षा, कदाचार पर होगी सख्त कार्रवाई

बक्सर ,, बिहार पुलिस अवर सेवा आयोग के विज्ञापन संख्या-05/2025 के तहत पुलिस अवर निरीक्षक (दरोगा) के 1799 पदों पर चयन हेतु आयोजित होने वाली लिखित परीक्षा को लेकर बक्सर जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। परीक्षा के सफल, शांतिपूर्ण एवं कदाचार मुक्त आयोजन को लेकर गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला दंडाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य द्वारा संयुक्त ब्रीफिंग की गई।
दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा आगामी 18 जनवरी (रविवार) एवं 21 जनवरी (बुधवार) को दो-दो पालियों में आयोजित की जाएगी। प्रथम पाली की परीक्षा सुबह 10:00 से 12:00 बजे तक तथा द्वितीय पाली की परीक्षा 02:30 से 04:30 बजे तक होगी। दोनों पालियों के लिए अलग-अलग अभ्यर्थी एवं अलग प्रश्न-पत्र निर्धारित हैं। परीक्षा में सामान्य अध्ययन एवं समसामयिक विषयों से वस्तुनिष्ठ प्रकार के 100 प्रश्न पूछे जाएंगे।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्रथम पाली के अभ्यर्थियों को सुबह 08:30 बजे से तथा द्वितीय पाली के अभ्यर्थियों को 01:00 बजे से सघन तलाशी (फ्रिस्किंग) के बाद ही परीक्षा केन्द्र में प्रवेश मिलेगा। परीक्षा शुरू होने के 30 मिनट पूर्व अर्थात प्रथम पाली में 09:30 बजे और द्वितीय पाली में 02:00 बजे के बाद प्रवेश पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
परीक्षा को कदाचार मुक्त कराने के लिए बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम 1981, बिहार लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) अधिनियम-2024 एवं भारतीय न्याय संहिता 2023 के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। परीक्षा केन्द्रों पर मोबाइल फोन, स्मार्ट वॉच, कैलकुलेटर, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट सहित किसी भी प्रतिबंधित सामग्री पर पूर्ण रोक रहेगी। पकड़े जाने पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
प्रत्येक परीक्षा केन्द्र पर स्टैटिक मजिस्ट्रेट, पुलिस पदाधिकारी एवं पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। वहीं उड़न दस्ता टीमों द्वारा औचक निरीक्षण किया जाएगा। परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर के दायरे में निषेधाज्ञा लागू रहेगी तथा फोटोस्टेट दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए बक्सर रेलवे स्टेशन एवं बस स्टैंड पर हेल्पलाइन काउंटर स्थापित किए जाएंगे। जिला नियंत्रण कक्ष समाहरणालय परिसर में कार्यरत रहेगा, जहां से पूरी व्यवस्था की निगरानी की जाएगी। यातायात, स्वास्थ्य, अग्निशमन एवं विद्युत आपूर्ति से संबंधित विभागों को भी अलर्ट मोड में रहने के निर्देश दिए गए हैं।
जिला प्रशासन ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे समय से परीक्षा केन्द्र पहुंचें, सभी दिशा-निर्देशों का पालन करें और किसी भी प्रकार के अनुचित साधनों से दूर रहें। प्रशासन ने भरोसा दिलाया है कि परीक्षा पूरी तरह निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी माहौल में संपन्न कराई जाएगी।




