सिमरी में संत रविदास प्रतिमा विसर्जन धूमधाम से
जयकारों से गुंजायमान रहा पूरा प्रखंड क्षेत्र

बक्सर जिले के सिमरी प्रखंड क्षेत्र में बुधवार को श्री संत शिरोमणि रविदास जी की प्रतिमा का विसर्जन गाजे-बाजे और पूरे उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर रविदास पूजा समिति के युवाओं में खासा जोश और उमंग देखने को मिला। पूरे क्षेत्र में भक्ति और श्रद्धा का वातावरण बना रहा।
सुबह से ही पूजा समितियों द्वारा शोभायात्रा की तैयारी शुरू कर दी गई थी। ट्रैक्टर एवं अन्य वाहनों पर सुसज्जित संत रविदास जी की प्रतिमा को पूरे प्रखंड क्षेत्र में भ्रमण कराया गया। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते हुए “संत शिरोमणि रविदास जी की जय” के जयकारों से माहौल को भक्तिमय बना रहे थे। सिमरी खैरापट्टी के पूजा समिति के युवक डीजे और पारंपरिक वाद्य यंत्रों की धुन पर युवा झूमते नजर आए।
शोभायात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए गंगा नदी के कछार एवं स्थानीय तालाबों तक पहुंची, जहां वैदिक मंत्रोच्चार और विधि-विधान के साथ प्रतिमा का विसर्जन किया गया। विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं ने संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने और समाज में समरसता, समानता एवं भाईचारे का संदेश फैलाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रही। स्थानीय प्रशासन की देखरेख में शांतिपूर्ण ढंग से विसर्जन संपन्न कराया गया। पूरे आयोजन ने क्षेत्र में सामाजिक एकता और सामुदायिक सौहार्द की मिसाल पेश किया




