स्कूटी सवारों को पिकअप ने मारी टक्कर, दो जख्मी, उपचार के दौरान एक की मौत
डुमरांव बिक्रमगंज मुख्य मार्ग पर मां विंध्यवासिनी गैस गोदाम के समीप बुधवार की रात एक पिकअप और स्कूटी की आमने सामने टक्कर हो गई। घटना में स्कूटी पर सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिन्हे डायल 112 की टीम द्वारा इलाज के लिए डुमरांव के अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया।

बक्सर जिले के डुमरांव बिक्रमगंज मुख्य मार्ग पर मां विंध्यवासिनी गैस गोदाम के समीप बुधवार की रात एक पिकअप और स्कूटी की आमने सामने टक्कर हो गई। घटना में स्कूटी पर सवार दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए जिन्हे डायल 112 की टीम द्वारा इलाज के लिए डुमरांव के अनुमंडलीय अस्पताल ले जाया गया। मिली जानकारी के अनुसार डुमरांव के तकिया मुहल्ला निवासी तस्लीम हाशमी पिता रज्जा हाशमी उम्र 50 वर्ष और भुंवर सिंह पिता रामजी सिंह उम्र 35 वर्ष दोनों एक स्कूटी पर सवार होकर कोरानसराय गए थे। वापसी लौटने के क्रम में डुमरांव से कोरानसराय की तरफ जा रही एक तेज रफ्तार पिकअप ने उन्हें गैस गोदाम के समीप टक्कर मार दिया।
घटना के बाद दोनों स्कूटी सवार सड़क पर गिरकर छटपटाने लगे। इधर टक्कर मार पिकअप वाहन चालक वाहन लेकर भाग निकला। मौके पर जुटी ग्रामीणों की भीड़ ने डायल 112 को फोन मिलाया जिसके बाद डायल 112 के प्रभारी हवलदार सुधीर उरांव, सिपाही प्रशांत कुमार और चालक बिरेंद्र प्रसाद मौके पर पहुंचे। पुलिस टीम जख्मियों को उठाकर डुमरांव अनुमंडलीय अस्पताल ले आई जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से जख्मी तस्लीम हाशमी को उच्च चिकित्सा सुविधा के लिए बक्सर सदर अस्पताल और वहां से ट्रॉमा सेंटर वाराणसी रेफर कर दिया। लेकिन किसी कारण वस उनके परिजनों द्वारा वीके ग्लोबल अस्पताल बक्सर में भर्ती कराया गया जहां गुरुवार की सुबह उनकी मौत हो गई । घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया है। पुष्टि करते हुए थानाध्यक्ष दिनेश कुमार मालाकार ने बताया कि घटना की जांच करते हुए अज्ञात वाहन का पता लगाया जा रहा है।




