बक्सर में चुनावी तैयारियां मुकम्मल — पोस्टल बैलेट और होम वोटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित
अन्य जिलों के प्रतिनियुक्त कर्मियों के लिए फैसिलिटेशन सेंटर स्थापित, 85 वर्ष से अधिक एवं दिव्यांग मतदाताओं के लिए घर पहुंच मतदान की सुविधा

बक्सर,
बिहार विधान सभा आम निर्वाचन 2025 के तहत भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बक्सर जिले में चुनाव कार्य में प्रतिनियुक्त अन्य जिलों के पदाधिकारियों और कर्मियों के लिए पोस्टल बैलेट से मतदान की व्यवस्था की गई है। इसके लिए दिनांक 28 एवं 29 अक्टूबर, 2025 को एम.पी. हाई स्कूल, बक्सर में फैसिलिटेशन सेंटर की स्थापना की गई है।
इस केंद्र पर पटना, भोजपुर, खगड़िया, वैशाली, बेगूसराय, मधेपुरा, मुजफ्फरपुर, सीवान, शेखपुरा, समस्तीपुर, सहरसा, सारण, दरभंगा, नालंदा, गोपालगंज, लखीसराय एवं मुंगेर जिलों से प्रतिनियुक्त पदाधिकारी/कर्मी, जिन्होंने पोस्टल बैलेट के लिए आवेदन दिया है, प्रातः 10:00 बजे से अपराह्न 05:00 बजे तक अपने मतदाता पहचान पत्र के साथ उपस्थित होकर मतदान कर सकेंगे।
इसके साथ ही, 85 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ मतदाताओं एवं 40 प्रतिशत से अधिक दिव्यांग मतदाताओं के लिए होम वोटिंग की विशेष व्यवस्था भी की गई है। इनके घर पर जाकर मतदान की प्रक्रिया 29 एवं 30 अक्टूबर, 2025 को पूरी की जाएगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि हर पात्र मतदाता बिना किसी बाधा के अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके। “कोई मतदाता न छूटे” के संदेश को साकार करने के लिए यह पहल लोकतंत्र को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
—अपील जिला सूचना जनसंपर्क कार्यालय, बक्सर।




