अपराध

उत्तर प्रदेश: प्रेमी के साथ पकड़ी गई बीए की छात्रा तो कर ली खुदकुशी

उत्तर प्रदेश के औरैया में एक बीए की छात्रा ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली. दरअसल छात्रा ने अपने प्रेमी को घर पर बुलाया था. जिसे किराये के घर में रह रही एक लड़की ने देख लिया और उसके घर वालों को इसकी सूचना दे दी. जिसके बाद बदनामी के डर से छात्रा ने खुदकुशी कर ली. घटना की जानकारी लगने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

ये घटना औरैया के दिबियापुर थाना क्षेत्र की है. जहां बीए की पढ़ाई कर रही छात्रा अपनी मौसी के घर रह रही थी. इसी घर में एक और छात्रा किराये पर रहकर पॉलिटेक्निक की पढ़ाई कर रही थी. मृतका की मौसी अपनी देवरानी की डिलीवरी के लिए इटावा गई थी. दोनों लड़कियां अपने-अपने घर में अकेली थी. इसी बीच मृतका ने अपने प्रेमी को रात में घर बुला लिया. इस बात की जानकारी किराये पर रहने वाली लड़की को लग गई. जिसके बाद उसने छात्रा की मौसी को फोन कर इस बात की जानकारी दे दी और कमरे की बाहर से कुंडी लगा दी. इस बात का पता बीए की छात्रा को भी लग गया. जिसके बाद लड़के ने दरवाजे को तोड़ा और वहां से फरार हो गया.

प्रेमी के फरार होने के बाद बीए की छात्रा ने बदनामी और घरवालों के डर से कमरे में जा कर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. छात्रा की मौत के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. परिवार की तरफ से अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है.
इस मामले की जानकारी देते हुए डिप्टी एसपी ने बताया कि एक छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है. बीती रात छात्रा के घर में कोई नहीं था, जिसके बाद उसने अपने प्रेमी को घर मे बुलाया था. इसकी शिकायत किराये पर रह रही दूसरी छात्रा ने घरवालों से कर दी, जिससे आहत हो कर उसने ये कदम उठा लिया. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. परिजनों की तरफ से अभी कोई तहरीर नही आई है. पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है.

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button