
बक्सर। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बक्सर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा योजना तैयार की है। जिले के 346 प्रस्तावित पूजा पंडालों पर पुलिस की विशेष नजर रहेगी। भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था और आपात स्थितियों से निपटने के लिए दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी, गश्ती दल और क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) की तैनाती की गई है। गुरुवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुरक्षा तैयारियों के साथ विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति की जानकारी दी गई।
199 स्थलों पर तैनात होंगे दंडाधिकारी और पुलिस पदाधिकारी
प्रशासन के अनुसार, बक्सर अनुमंडल में 151 और डुमरांव अनुमंडल में 195 पूजा पंडाल प्रस्तावित हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 199 स्थलों पर स्टैटिक दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा 33 स्थानों पर गश्ती दल लगातार सक्रिय रहेंगे। दोनों अनुमंडलों में एक-एक जोनल दंडाधिकारी की प्रतिनियुक्ति होगी। आपात परिस्थितियों से तत्काल निपटने के लिए बक्सर में पांच और डुमरांव में तीन क्यूआरटी गठित की गई हैं। यातायात सुचारु रखने के लिए 19 स्थानों पर बैरियर और पार्किंग की व्यवस्था होगी।
सीसीटीवी और चिकित्सा सुविधाओं पर विशेष जोर
पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग द्वार, सुरक्षित विद्युत व्यवस्था, साफ-सफाई तथा चिकित्सा सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। जरूरत के अनुसार एंबुलेंस भी उपलब्ध रहेंगी। किसी भी आपात स्थिति में जिला नियंत्रण कक्ष के नंबर 06183-223333 पर संपर्क किया जा सकता है। विजयादशमी का मुख्य कार्यक्रम 20 अक्टूबर को किला मैदान में और 22 अक्टूबर को यमुना चौक पर भरत मिलाप लीला आयोजित होगी।
शिक्षा से लेकर सौर ऊर्जा तक विकास योजनाओं की समीक्षा
प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया गया कि मिशन ज्ञानार्जन के तहत विद्यार्थियों ने एयर प्यूरीफायर, वाटर प्यूरीफायर और भूकंपरोधी मकान समेत लगभग 135 नवाचार मॉडल प्रस्तुत किए हैं। वहीं, मिशन कायाकल्प के तहत अब तक 80 योजनाएं पूरी हो चुकी हैं।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत 1,680 घरेलू उपभोक्ताओं ने आवेदन किया है। इनमें 258 परिसरों में सोलर पैनल लगाए गए हैं, जबकि 169 उपभोक्ताओं को सब्सिडी मिली है। इसके अतिरिक्त 4,129 कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं की छतों पर निःशुल्क सोलर पैनल लगाने की जानकारी दी गई।
समरसता शिविर में 3,046 आवेदनों का निष्पादन

श्री गुरु संत रविदास समरसता विकास शिविर के तहत 4,673 आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें 3,046 का निष्पादन किया जा चुका है। जिला प्रशासन ने पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के साथ विकास योजनाओं को गति देने और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने की प्रतिबद्धता दोहराई।




