ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का डीएम-एसपी ने किया संयुक्त निरीक्षण
सुरक्षा व्यवस्था, सीसीटीवी और अग्निशमन उपकरणों की जांच


बक्सर। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार गुरुवार को बक्सर प्रखंड परिसर स्थित ईवीएम-वीवीपैट वेयरहाउस का त्रैमासिक आंतरिक निरीक्षण जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। निरीक्षण के दौरान वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था, निगरानी प्रणाली तथा निर्वाचन सामग्रियों के सुरक्षित रख-रखाव से संबंधित विभिन्न पहलुओं की गहन समीक्षा की गई।
निरीक्षण के क्रम में अधिकारियों ने भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने वेयरहाउस परिसर में स्थापित सीसीटीवी कैमरों की कार्यक्षमता की जांच की तथा उनकी सतत निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अग्निशमन यंत्रों की स्थिति और उनकी उपयोगिता की भी जांच की गई ताकि किसी भी आपातकालीन परिस्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों ने वेयरहाउस परिसर में साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर उपस्थित अवर निर्वाचन पदाधिकारी को वेयरहाउस के रख-रखाव, सुरक्षा मानकों के पालन तथा नियमित निगरानी को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की पारदर्शिता और विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए ईवीएम एवं वीवीपैट मशीनों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी निर्धारित मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
निरीक्षण के अवसर पर जिला अग्निशमन पदाधिकारी, बक्सर, कार्यपालक अभियंता भवन प्रमंडल, बक्सर तथा अवर निर्वाचन पदाधिकारी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। लोकतांत्रिक प्रक्रिया में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से मान्यता प्राप्त विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को भी निरीक्षण प्रक्रिया में शामिल किया गया।
इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (मार्क्सवादी), इंडियन नेशनल कांग्रेस, राष्ट्रीय जनता दल, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी तथा जनता दल (यूनाइटेड) के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी दलों के प्रतिनिधियों के समक्ष वेयरहाउस की सुरक्षा व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी साझा की। निरीक्षण शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी वातावरण में संपन्न हुआ।




