

बक्सर। जिले के सरकारी विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने और विद्यार्थियों की रचनात्मक प्रतिभा निखारने के लिए जिला प्रशासन ने पहल तेज कर दी है। मिशन ज्ञानार्जन के तहत शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में जिला पदाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में शैक्षणिक गतिविधियों के साथ-साथ विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास से जुड़ी सह-शैक्षणिक गतिविधियों को प्रभावी ढंग से संचालित करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान डीएम ने विद्यालयों में विद्यार्थियों की प्रतिभा को मंच देने के लिए नवंबर 2026 के अंतिम सप्ताह में कला उत्सव आयोजित कराने का निर्देश दिया। वहीं, दिसंबर 2026 तक विद्यालयों में वार्षिकोत्सव आयोजित करने को कहा गया, ताकि छात्र-छात्राओं को अपनी कला, संस्कृति और रचनात्मक क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर मिल सके।
पठन कोना से विकसित होगी पढ़ने की आदत
विद्यार्थियों में पुस्तकें पढ़ने और स्वाध्याय की प्रवृत्ति विकसित करने के लिए विद्यालयों में पठन कोना स्थापित करने का निर्देश जिला शिक्षा पदाधिकारी को दिया गया। इसके साथ ही आगामी अभिभावक-शिक्षक संगोष्ठी के अवसर पर स्थानीय ज्ञान दिवस आयोजित करने को कहा गया। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और क्षेत्रीय ज्ञान से परिचित कराना है।
गणित-विज्ञान ओलंपियाड और स्वास्थ्य पर भी जोर
बैठक में विद्यार्थियों की तार्किक क्षमता, वैज्ञानिक सोच और विषयगत दक्षता बढ़ाने के लिए गणित एवं विज्ञान ओलंपियाड की तैयारियां शुरू करने का निर्देश दिया गया। इसके अतिरिक्त विद्यालयों में प्रतिदिन स्वास्थ्य एवं कल्याण विषय पर एक कक्षा आयोजित करने को कहा गया, ताकि बच्चों में स्वच्छता, स्वास्थ्य और व्यक्तिगत कल्याण के प्रति जागरूकता बढ़े।
डीएम साहिला ने मिशन ज्ञानार्जन के उद्देश्यों के अनुरूप सभी गतिविधियों को नियमित एवं प्रभावी तरीके से संचालित करने पर बल दिया। उन्होंने विद्यार्थियों के शैक्षणिक स्तर में सुधार के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता और समग्र व्यक्तित्व विकास को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया।




