मंझवारी में भव्य रावण दहन, राम-लक्ष्मण की झांकी ने मोहा मन
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को अंगवस्त्र व बुके देकर समिति ने किया सम्मानित

सिमरी (बक्सर)। बक्सर जिले के मंझवारी गांव में मंगलवार की संध्या मुरलीधर बरहम बाबा दुर्गा पूजा समिति के सौजन्य से भव्य रावण दहन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान धार्मिक उत्साह और उल्लास का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों और श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। भगवान श्रीराम की जयकारों के बीच आयोजित इस कार्यक्रम ने लोगों को रामायण के प्रसंगों की याद दिलाई और बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश दिया।
रावण दहन कार्यक्रम से पूर्व गाजे-बाजे के साथ भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान जी की आकर्षक झांकी निकाली गई। झांकी में शामिल श्रद्धालुओं और कलाकारों ने धार्मिक वातावरण को और भी भक्तिमय बना दिया। गांव में झांकी के भ्रमण के दौरान लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। भगवान श्रीराम के जयकारों से पूरा माहौल गूंज उठा। इसके बाद निर्धारित कार्यक्रम के तहत रावण दहन किया गया, जिसे देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जुटी रही।
कार्यक्रम के दौरान समिति की ओर से प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े गणमान्य लोगों को अंगवस्त्र एवं बुके देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अनुमंडल पदाधिकारी राजीव कुमार, एसडीपीओ एवं पुलिस निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह, अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडेय, प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रशांत कुमार और सिमरी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी शामिल रहीं।
इसके अलावा पंचायत की मुखिया आमिना खातून, लोजपा (रामविलास) की जिला महिला प्रकोष्ठ अध्यक्ष अंशु देवी और सरपंच उर्मिला देवी सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों को भी सम्मानित किया गया।


कार्यक्रम के आयोजन में समिति के संचालक प्रेम केशवर मिश्रा, अध्यक्ष अक्षय सिंह, कृष्ण मोहन प्रसाद, गौतम सिंह, डमडम पांडेय और संजय सिंह की प्रमुख भूमिका रही। समिति के सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने में सक्रिय योगदान दिया।
रावण दहन के माध्यम से समाज में सत्य, धर्म और सदाचार के मार्ग पर चलने का संदेश दिया गया। धार्मिक आयोजन ने गांव में आपसी सौहार्द, सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति लोगों की आस्था को भी मजबूत किया।




