
बक्सर। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बक्सर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। सोमवार को समाहरणालय में जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में छठ महापर्व की तैयारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों द्वारा की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए डीएम ने सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का सख्त निर्देश दिया।
जिला पदाधिकारी ने छठ पर्व के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को छठ पर्व के अवसर पर लाइट एंड साउंड लेजर शो के प्रदर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इससे छठ घाटों पर आकर्षक और भव्य माहौल तैयार किया जा सकेगा।
हर घाट पर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश
डीएम ने सभी वरीय पदाधिकारियों को अपने आवंटित प्रखंड में कम-से-कम एक छठ घाट गोद लेकर वहां छठ व्रतियों के लिए सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। नगर निकायों एवं प्रखंड प्रशासन को घाटों की साफ-सफाई, पहुंच पथों की मरम्मत, घाटों के समतलीकरण, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, चेंजिंग रूम, पेयजल और शौचालय की सुविधा सुनिश्चित करने को कहा गया।
सुरक्षा, स्वास्थ्य और बचाव व्यवस्था पर विशेष जोर

विद्युत विभाग को घाटों एवं पहुंच पथों पर सुरक्षित बिजली व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा सभी तारों और उपकरणों की जांच करने का निर्देश दिया गया। स्वास्थ्य विभाग को मेडिकल टीम, एंबुलेंस और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
वहीं, आपदा प्रबंधन विभाग को गहरे पानी वाले स्थानों की पहचान कर प्रशिक्षित गोताखोरों, बचाव दल और आवश्यक उपकरणों की तैनाती करने का निर्देश दिया गया। पुलिस प्रशासन को प्रमुख एवं संवेदनशील घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, यातायात एवं भीड़ प्रबंधन, निरंतर गश्ती और सीसीटीवी के माध्यम से निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने, घाटों का नियमित निरीक्षण करने तथा सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि छठ व्रतियों और श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
जिला प्रशासन छठ महापर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए पूरी तत्परता के साथ जुटा है।




