घने कुहासे का कहर, नया भोजपुर थाना क्षेत्र में चार हादसे,एक चालक की मौत
आरा–बक्सर फोरलेन पर लो विजिबिलिटी बनी जानलेवा, कई घायल

बक्सर। ताजा समाचार बक्सर जिले से है । जहा शनिवार की सुबह अचानक छाए घने कुहासे और बेहद कम दृश्यता ने आरा–बक्सर फोरलेन को मौत का रास्ता बना दिया। नया भोजपुर थाना क्षेत्र में कोहरे के कारण एक के बाद एक चार भीषण सड़क हादसे हुए, जिनमें एक ट्रक चालक की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। लगातार दुर्घटनाओं से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
(1)सबसे भीषण हादसा प्रतापसागर गांव के समीप सुबह करीब सात बजे हुआ, जहां डीसीएम ट्रक बालू लदे ट्रेलर से जा टकराया। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का केबिन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक की मौके पर ही मौत हो गई। शव को कटर से काटकर बाहर निकाला गया। पुलिस मृतक की पहचान में जुटी है, जबकि ट्रेलर चालक फरार बताया जा रहा है।
(2) घटना नावाडेरा के पास हुई, जहां दो ट्रेलरों की टक्कर में एक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उसकी हालत खतरे से बाहर बताई गई।
(3) दुर्घटना पुराना भोजपुर के सिमरी रोड पर हुई, जहां गिट्टी-डस्ट लदा ट्रेलर पलट गया। घने कुहासे और सिंगल लेन सड़क के कारण यह हादसा हुआ, हालांकि चालक और खलासी सुरक्षित बच निकले।
(4
) घटना चंदा गांव के समीप टोल प्लाजा से कुछ दूरी पर हुई, जहां दो ट्रेलर आपस में भिड़ गए। चालक के अनुसार सामने नीलगाय आ जाने से अचानक ब्रेक लगाना पड़ा, जिससे पीछे से टक्कर हो गई।
लगातार हादसों के बाद पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि कोहरे के समय धीमी गति रखें, सुरक्षित दूरी बनाए रखें और लाइटों का प्रयोग जरूर करें। थानाध्यक्ष चंदन कुमार ने बताया कि सभी मामलों की जांच की जा रही है।




