कर्तव्यनिष्ठ एसआई राजेश कुमार पंचतत्व में विलीन
बड़की नैनिजोर दक्षिणी में उमड़ा जनसैलाब, विधायक ने दी श्रद्धांजलि

ब्रह्मपुर (बक्सर),गुडमॉर्निंग
ब्रह्मपुर प्रखंड के ग्राम पंचायत बड़की नैनिजोर दक्षिणी निवासी एवं बिहार पुलिस में कार्यरत सब इंस्पेक्टर राजेश कुमार के आकस्मिक निधन से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। वर्तमान में वे मोतिहारी जिले के हरसिद्धि थाना में एसआई के पद पर तैनात थे। उनके निधन की सूचना मिलते ही गांव और आसपास के क्षेत्रों में मातम छा गया।
बुधवार को उनके पैतृक गांव में पूरे सम्मान और गमगीन माहौल के बीच अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं तथा पुलिस विभाग के अधिकारियों और जवानों की भीड़ उमड़ पड़ी। हर किसी की आंखें नम थीं और लोग दिवंगत आत्मा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे थे।
इस मौके पर ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक शंभूनाथ सिंह यादव भी अंतिम संस्कार में शामिल हुए। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मिलकर गहरी संवेदना व्यक्त की तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। विधायक ने कहा कि राजेश कुमार एक ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और मिलनसार पुलिस अधिकारी थे, जिन्होंने अपनी सेवा से समाज में अलग पहचान बनाई।
ग्रामीणों ने बताया कि राजेश कुमार अपने सरल स्वभाव और सेवा भावना के कारण लोगों के बीच काफी लोकप्रिय थे। उनके निधन से गांव ने एक होनहार और समाजसेवी पुत्र को खो दिया है।




