Uncategorized

कोषागार निरीक्षण में पारदर्शिता और जनसुविधाओं पर जोर

डीएम ने सुरक्षा, साफ-सफाई और कार्य गुणवत्ता सुधारने के दिए निर्देश

बक्सर, शनिवार (ब्यूरो)।
जिला पदाधिकारी साहिला ने शुक्रवार को जिला कोषागार कार्यालय बक्सर का निरीक्षण कर कार्य व्यवस्था, सुरक्षा एवं जनसुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कोषागार कार्यालय के सभी पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। डीएम ने कार्यालय की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए पारदर्शिता और गुणवत्ता के साथ दायित्वों के निर्वहन पर विशेष बल दिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला पदाधिकारी ने कोषागार के बजगृह में रखे गए मुद्रांकों का गहन निरीक्षण किया तथा पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी अभिलेखों एवं मुद्रांकों की सुरक्षा में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीएम ने कोषागार में प्राप्त होने वाले विपत्रों में किसी प्रकार की दोहराव की समस्या से बचाव हेतु विशेष कार्य योजना तैयार करने और उसका सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। साथ ही प्रत्येक स्तर पर गंभीरता के साथ जांच प्रक्रिया अपनाने की बात कही, ताकि वित्तीय कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे।
निरीक्षण के दौरान कार्यालय से संबंधित पंजियों, अभिलेखों एवं संचिकाओं का भी अवलोकन किया गया। जिला पदाधिकारी ने कर्मचारियों को आवंटित कार्यों की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं जिम्मेदाराना तरीके से कार्य निष्पादन का निर्देश दिया। उन्होंने सभी कार्यालय कक्षों का निरीक्षण कर साफ-सफाई, अभिलेखों के बेहतर रख-रखाव एवं कार्यालय व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने पर बल दिया।
इसके अलावा जिला पदाधिकारी ने कोषागार कार्यालय में अपने कार्य से आने वाले पेंशनरों एवं आमजनों के लिए आवश्यक जनसुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश वरीय कोषागार पदाधिकारी को दिया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आम लोगों से संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाए, ताकि कार्यालय में आने वाले लोगों को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button