दशहरा को लेकर बक्सर में फ्लैग मार्च, सुरक्षा व्यवस्था सख्त
डीएम साहिला और एसपी शुभम आर्य ने संभाली कमान, रावण वध स्थल किला मैदान का किया निरीक्षण; साफ-सफाई और मजबूत बैरिकेडिंग के निर्देश

बक्सर। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बक्सर जिला प्रशासन और पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस दौरान प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाते हुए आपसी भाईचारे और शांति के साथ पर्व मनाने का संदेश दिया। फ्लैग मार्च के बाद अधिकारियों ने किला मैदान पहुंचकर रावण वध कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
फ्लैग मार्च की शुरुआत ज्योति चौक से हुई। इसके बाद पुलिस और प्रशासन की टीम खलासी मुहल्ला, सराय फाटक, हनुमान फाटक, यमुना चौक, ठठेरी बाजार और सत्यदेवगंज होते हुए पुलिस थाना पहुंची। प्रमुख मार्गों और बाजार क्षेत्रों से गुजरे फ्लैग मार्च के जरिए प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता प्रदर्शित की।
अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी नजर
जिला प्रशासन के अनुसार, दशहरा पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, असामाजिक तत्वों पर निगरानी रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए आवश्यक सतर्कता बरती जा रही है। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के साथ पुलिस बल को भी सतर्क रहने का निर्देश दिया गया है।
जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने आम नागरिकों से अपील की कि दशहरा पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सद्भाव के साथ मनाएं। किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें। यदि कहीं भ्रामक सूचना, संदिग्ध गतिविधि या शांति भंग करने की कोशिश दिखाई दे, तो इसकी सूचना तत्काल प्रशासन अथवा पुलिस को दें।
किला मैदान में रावण वध की तैयारियों का जायजा

फ्लैग मार्च के बाद डीएम और एसपी ने किला मैदान में आयोजित होने वाले रावण वध कार्यक्रम की तैयारियों का निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद बक्सर को किला मैदान और उसके आसपास पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। वहीं, कार्यपालक अभियंता, भवन प्रमंडल बक्सर को मैदान में मजबूत बैरिकेडिंग कराने को कहा गया, ताकि कार्यक्रम के दौरान भीड़ को व्यवस्थित रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिल सके।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पर्व के दौरान जिले में शांति, सुरक्षा और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। प्रशासन की प्राथमिकता है कि श्रद्धालु और आम नागरिक बिना किसी भय के उत्साहपूर्वक दशहरा मना सकें।




