आल न्यूजबक्सरबिहार

पूजा पंडालों के आसपास हुड़दंगियों पर पुलिस की पैनी नजर

शराबियों, जुआरियों और तेज रफ्तार बाइकर्स गैंग पर होगी सख्त कार्रवाई, शांति भंग करने वालों की अब खैर नहीं

सिमरी (बक्सर)। दुर्गा पूजा के दौरान पूजा पंडालों और मेले में क्षेत्रों में शांति व्यवस्था बनाए रखने तथा श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सिमरी थाना पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। पूजा पंडालों के आसपास शराब पीकर हंगामा करने वालों, जुआ खेलने वालों, तेज रफ्तार से बाइक चलाने वाले बाइकर्स और आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्धों पर पुलिस की पैनी नजर रहेगी। त्योहार के दौरान शांति भंग करने और आम लोगों को परेशान करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इस संबंध में सिमरी थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी और आर ओ राजस्व अधिकारी राहुल कुमार ने बताया कि दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन के निर्देशानुसार आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। थाना क्षेत्र के विभिन्न पूजा पंडालों, मेला स्थलों और प्रमुख सड़कों पर असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। पुलिस की प्राथमिकता है कि श्रद्धालु बिना किसी परेशानी के पूजा-अर्चना कर सकें और मेले का आनंद उठा सकें।

शराब पीकर हंगामा करने वालों पर होगी कार्रवाई

थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने स्पष्ट किया कि पूजा के दौरान शराब पीकर हंगामा करने, जुआ खेलने, तेज रफ्तार से बाइक चलाने और अनावश्यक रूप से भीड़ में उत्पात मचाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की नजर विशेष रूप से ऐसे लोगों पर रहेगी, जिनकी गतिविधियों से श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सार्वजनिक शांति प्रभावित होने की आशंका है।

पूजा समितियों को दिया गया संपर्क नंबर

अंचलाधिकारी भगवती शंकर पांडे ने बताया कि शांति समिति की बैठक में सभी पूजा समितियों के सदस्यों को प्रशासन और पुलिस से संपर्क करने के लिए संपर्क नंबर उपलब्ध कराया गया है। उन्होंने पूजा समिति के सदस्यों और स्थानीय नागरिकों से अपील की कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि, हुड़दंग, शराब पीकर हंगामा करने या विधि-व्यवस्था से जुड़ी समस्या की जानकारी मिलते ही उपलब्ध कराए गए नंबर पर तत्काल सूचना दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा आपसी भाईचारे, आस्था और सामाजिक सौहार्द का पर्व है। इसे शांतिपूर्ण वातावरण में मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन और पुलिस लोगों की सुरक्षा के लिए मुस्तैद हैं, लेकिन आम नागरिकों का सहयोग भी उतना ही जरूरी है।

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि नियमों का पालन करें, अफवाहों से बचें और किसी भी अप्रिय स्थिति की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि सिमरी में दुर्गा पूजा उत्साह, उमंग और शांति के साथ संपन्न हो सके।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button