
बिहार की राजधानी पटना स्थित बीपीएससी कार्यालय के बाहर परीक्षार्थी अपनी मांगों को लेकर कई घंटों तक हंगामा करते रहे. मंगलवार को वहां हंगामा करने के बाद एक अने मार्ग मुख्यमंत्री आवास पहुंच गए. सैकड़ों की संख्या में बीपीएससी परीक्षार्थी सीएम आवास का घेराव करने लगे और सीएम से मिलने की मांग करने लगे. इसके बाद सीएम आवास के बाहर सुरक्षा व्यवस्था काफी बढ़ा दी गई. वहीं मौके पर पहुंची सचिवालय एएसपी काम्या मिश्रा ने लोगों को समझा-बुझाकर बीपीएससी कार्यालय जाने को कहा. वहीं 20 लोगों का डेलिगेशन सीएम आवास के अंदर गया.
परीक्षार्थियों की मांग है कि परीक्षा नियंत्रक अमरेंद्र कुमार जो 2019 से बीपीएससी में बने हुए हैं उनको हटाया जाए. 67 वीं बीपीएससी परीक्षा के पेपर लीक मामले में सीबीआई की जांच हो. इन मांगों को लेकर यह लोग हंगामा कर रहे हैं. पांच दिन पहले डेलिगेशन जाकर बीपीएससी अधिकारियों से मिला था. आश्वासन मिला था कि हम विचार करेंगे लेकिन, पांच दिन बीतने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई तो आज फिर से घेराव किया है.




