बक्सर Beats’ में युवाओं ने साझा किए सपने, विचार और सुझाव
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला पदाधिकारी साहिला ने एसपी शुभम आर्य के मौजूदगी में युवाओं से किया सीधा संवाद, प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का दिया भरोसा

बक्सर। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जिला प्रशासन की पहल से शुक्रवार को रामरेखा घाट स्थित लाइट एंड साउंड शो परिसर में ‘बक्सर Beats’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिले के युवाओं, विद्यार्थियों, कलाकारों, संगीतकारों, खिलाड़ियों, एनसीसी कैडेट्स और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली प्रतिभाओं को जिला प्रशासन से सीधे संवाद का अवसर मिला। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की प्रतिभा, विचारों और आकांक्षाओं को मंच प्रदान करना तथा जिले के विकास में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा।
कार्यक्रम में जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला ने युवाओं से खुलकर संवाद किया। इस दौरान युवाओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए शिक्षा, खेल, संगीत एवं कला, कौशल विकास, रोजगार, पर्यटन तथा बक्सर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े विषयों पर महत्वपूर्ण सुझाव दिए। जिला पदाधिकारी ने युवाओं की बातों को गंभीरता से सुना और संबंधित क्षेत्रों में आवश्यक पहल एवं सहयोग का भरोसा दिलाया।
संवाद के दौरान जिला पदाधिकारी ने कहा कि युवा शक्ति जिले की सबसे बड़ी ताकत है। युवाओं की ऊर्जा, रचनात्मकता और नए विचारों को सकारात्मक दिशा देकर बक्सर के विकास को नई गति दी जा सकती है। उन्होंने युवाओं से अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने, उपलब्ध अवसरों का लाभ उठाने और समाज व जिले के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
युवाओं ने बक्सर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करने और उसके प्रचार-प्रसार पर भी जोर दिया। साथ ही स्थानीय कलाकारों एवं प्रतिभाओं को बेहतर मंच उपलब्ध कराने तथा युवा-केंद्रित गतिविधियों को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन और युवाओं के बीच संवाद को सहज, जीवंत और सहभागी बनाने का प्रयास किया गया।
स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इस कार्यक्रम में युवाओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने माहौल को खास बना दिया। कार्यक्रम ने देशभक्ति, राष्ट्रीय एकता और बक्सर की विरासत के प्रति गौरव की भावना को भी मजबूत किया। ‘बक्सर Beats’ को युवाओं की आवाज प्रशासन तक पहुंचाने की प्रभावी पहल के रूप में देखा गया।




