Uncategorized

स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों का डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण

किला मैदान में परेड पूर्वाभ्यास का लिया जायजा, सुरक्षा, यातायात और मूलभूत सुविधाओं को समय पर पूरा करने का निर्देश

बक्सर। स्वतंत्रता दिवस समारोह 2026 को गरिमापूर्ण, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गुरुवार को जिला पदाधिकारी बक्सर श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक बक्सर श्री शुभम आर्य ने किला मैदान का संयुक्त निरीक्षण किया। सुबह 8:45 बजे पहुंचे दोनों अधिकारियों ने स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर चल रहे परेड के पूर्वाभ्यास का जायजा लिया और विभिन्न व्यवस्थाओं की बारीकी से समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने परेड में शामिल विभिन्न दलों के मार्च-पास्ट, कदमताल, अनुशासन, वेशभूषा एवं आपसी समन्वय का अवलोकन किया। उन्होंने परेड की निर्धारित व्यवस्था के अनुरूप सभी तैयारियों को समय पर पूरा करने का निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया। अधिकारियों ने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के आयोजन में किसी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए।
मुख्य समारोह को लेकर किला मैदान में मंच निर्माण, बैरिकेडिंग, दर्शक दीर्घा, अतिथियों एवं आम लोगों के बैठने की व्यवस्था, प्रवेश एवं निकास मार्ग, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत व्यवस्था तथा ध्वनि प्रसारण प्रणाली का भी निरीक्षण किया गया। इसके अलावा समारोह स्थल तक पहुंचने वाले मार्गों और यातायात व्यवस्था को लेकर भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए समारोह स्थल पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने प्रवेश एवं निकास मार्गों पर सुरक्षा प्रबंध मजबूत रखने तथा यातायात का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने को कहा। विधि-व्यवस्था के साथ आम नागरिकों की सुविधा को भी प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला ने अधिकारियों को आपसी समन्वय से सभी तैयारियां निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव और सम्मान का पर्व है। इसलिए समारोह की सभी व्यवस्थाएं निर्धारित प्रोटोकॉल एवं गरिमा के अनुरूप होनी चाहिए। उन्होंने स्वच्छता, सुरक्षा, पेयजल, बिजली सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं में किसी प्रकार की कमी नहीं रहने देने का निर्देश दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button