Uncategorized

स्वतंत्रता दिवस और हर घर तिरंगा तैयारियों को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित

डीएम साहिला ने सभी विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने का दिया निर्देश, 'वंदे मातरम् के 150 वर्ष' थीम पर होंगे विविध कार्यक्रम।

बक्सर। आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह-2026 एवं “हर घर तिरंगा अभियान-2026” के सफल आयोजन को लेकर बुधवार को समाहरणालय सभाकक्ष में जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी संबंधित विभागों के अधिकारियों को अभियान और राष्ट्रीय पर्व की तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष “हर घर तिरंगा अभियान” का आयोजन “वंदे मातरम् के 150 वर्ष” की थीम पर किया जा रहा है। इसका उद्देश्य प्रत्येक नागरिक के घर, सरकारी कार्यालय, शैक्षणिक संस्थान एवं सार्वजनिक स्थलों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराकर राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और गौरव की भावना को मजबूत करना है। उन्होंने अभियान में अधिक से अधिक जनभागीदारी सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में निर्देश दिया गया कि सभी विद्यालयों, महाविद्यालयों एवं सार्वजनिक संस्थानों में देशभक्ति पर आधारित कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। साथ ही तिरंगा एवं “वंदे मातरम्” विषयक प्रदर्शनी, तिरंगा रैली, “सेल्फी विद तिरंगा” अभियान, तिरंगा रंगोली, त्रिवर्णीय प्रकाश सज्जा, सामूहिक “वंदे मातरम्” गायन, चित्रकला, निबंध, लेखन प्रतियोगिता तथा ऑनलाइन क्विज जैसे कार्यक्रमों का आयोजन किया जाए।
जिला शिक्षा पदाधिकारी को विद्यालयों में विद्यार्थियों की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया गया। वहीं सभी सरकारी कार्यालयों, ग्राम पंचायतों, नगर निकायों, बाजारों एवं प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर अभियान को आकर्षक और जनभागीदारी आधारित बनाने की जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों को सौंपी गई।
बैठक में बताया गया कि स्वतंत्रता दिवस का मुख्य झंडोत्तोलन समारोह इस वर्ष भी किला मैदान, बक्सर में आयोजित होगा। इसके अलावा सभी सरकारी कार्यालयों तथा महादलित टोलों में भी वरीय अधिकारियों द्वारा ध्वजारोहण किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी ने जिला सामान्य शाखा को महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कार्यक्रम की समुचित व्यवस्था करने, नगर परिषद को किला मैदान एवं आसपास के क्षेत्रों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा भवन प्रमंडल को रंग-रोगन, बैरिकेडिंग एवं वॉच टावर की व्यवस्था समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। सिविल सर्जन को समारोह स्थल पर मेडिकल टीम, जीवनरक्षक दवाओं और एम्बुलेंस की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक के अंत में जिला पदाधिकारी ने सभी विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश देते हुए कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह और “हर घर तिरंगा अभियान-2026” को जिले में उत्साह, गरिमा और जनसहभागिता के साथ सफल बनाया जाए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button