
डुमरांव थाना क्षेत्र के सम्हार-महरौरा मार्ग पर दिनदहाड़े हुई मुलायम सिंह यादव की हत्या का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, एक महिला से अवैध संबंध को लेकर उपजे विवाद में इस हत्याकांड को अंजाम दिया गया। मामले में पुलिस ने मृतक के गांव सम्हार के दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद की गई है। दोनों की गिरफ्तारी सोमवार शाम भोजपुर कोठी के समीप से हुई। मंगलवार को प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सम्हार गांव निवासी सोनम कुमार उर्फ मलु, पिता धर्मेंद्र यादव, और प्रतीक यादव उर्फ पिंटू यादव, पिता स्वर्गीय राजेंद्र सिंह, के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, प्रतीक यादव इस मामले का मुख्य आरोपित है। उसी की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त पिस्टल बरामद की गई। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश और अन्य आरोपितों की भूमिका की जांच कर रही है।
महिला से संबंध बना विवाद की वजह
प्रभारी एसडीपीओ के अनुसार, शुरुआती जांच में महिला से अवैध संबंध को लेकर विवाद की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। साक्ष्यों के आधार पर ही हत्या के कारणों की अंतिम पुष्टि की जाएगी।
गौरतलब है कि हत्या के बाद मृतक के पिता उदय नारायण सिंह उर्फ वकील यादव ने पैतृक संपत्ति की करीब पौने दो बीघा जमीन के विवाद को हत्या की वजह बताया था। उन्होंने आरोप लगाया था कि जमीन विवाद पहले भी थाने तक पहुंचा था। हालांकि, पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में लगाए गए जमीन विवाद से संबंधित आरोपों की अब तक पुष्टि नहीं हुई है।
एसपी के निर्देश पर गठित हुई थी एसआईटी
प्रभारी एसडीपीओ समीर कुमार सिंह ने बताया कि एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर उनके नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) गठित की गई थी। इसमें डुमरांव थानाध्यक्ष संजय कुमार सिन्हा, एसआई अर्चना कुमारी, मतेंद्र कुमार, विश्वकर्मा यादव, डीआईयू के सुधीर कुमार, एसआई मंगल भूषण पासवान सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच करते हुए दोनों आरोपितों को गिरफ्तार किया।
अन्य आरोपितों की तलाश जारी
पुलिस के अनुसार, प्राथमिकी में नामजद अन्य आरोपितों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।
उल्लेखनीय है कि सम्हार गांव निवासी 30 वर्षीय मुलायम सिंह यादव का शव सुबह करीब 10 बजे सम्हार-महरौरा मार्ग पर सरकारी बोरिंग के समीप मिला था। वह घर से डुमरांव जाने के लिए निकला था। दिनदहाड़े हत्या की घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। अब दो गिरफ्तारियों और पिस्टल की बरामदगी के बाद पुलिस को जांच में अहम सफलता मिली है।




