आल न्यूजबक्सरबिहार

दशहरा को लेकर बक्सर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम

18 स्थानों पर ड्रॉप गेट, बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक; स्वास्थ्य, बिजली और सोशल मीडिया पर रहेगी विशेष निगरानी

बक्सर। दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए बक्सर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार, 14 अक्टूबर को नगर भवन में जिला पदाधिकारी साहिला एवं पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य की संयुक्त अध्यक्षता में विधि-व्यवस्था को लेकर ब्रीफिंग आयोजित की गई। इसमें सभी संबंधित पदाधिकारियों को सुरक्षा, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य, अग्निशमन और सोशल मीडिया निगरानी को लेकर विस्तृत निर्देश दिए गए।

प्रशासन ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए 18 स्थानों पर ड्रॉप गेट बनाए हैं। यहां दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी और पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई है। 17 से 21 अक्टूबर तक नगर क्षेत्र में बड़े वाहनों के प्रवेश पर रोक रहेगी। पूजा पंडालों की नियमित निगरानी, गश्ती और असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने का निर्देश दिया गया है। किसी भी अप्रिय घटना की सूचना तत्काल वरीय अधिकारियों और नियंत्रण कक्ष को देने को कहा गया है।

यातायात और विसर्जन पर विशेष नजर

यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को विस्तृत योजना तैयार करने का निर्देश दिया गया है। सभी पूजा समितियों को निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रतिमा विसर्जन सुनिश्चित करना होगा। विसर्जन के दौरान भी पर्याप्त पुलिस बल और दंडाधिकारियों की तैनाती रहेगी।

बिजली, सफाई और स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी

नगर निकायों को पूजा स्थलों, सड़कों और गलियों में साफ-सफाई तथा पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित करने को कहा गया है। विद्युत विभाग 17 से 20 अक्टूबर तक निर्बाध बिजली आपूर्ति, ढीले तारों की मरम्मत और पूजा पंडालों के विद्युत कनेक्शन की जांच करेगा। अवैध कनेक्शन मिलने पर कार्रवाई होगी।

स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर सदर अस्पताल, अनुमंडल अस्पताल और सभी प्राथमिक एवं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में एंबुलेंस, ऑक्सीजन, आवश्यक दवाओं तथा चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है। अस्पतालों में 24 घंटे आपातकालीन सेवाएं चालू रहेंगी। बक्सर और डुमरांव में अग्निशमन वाहनों को भी तैयार रखा जाएगा।

अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

सोशल मीडिया पर भ्रामक, आपत्तिजनक और सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले संदेशों की निगरानी की जाएगी। इसके लिए साइबर थाना और पुलिस पदाधिकारियों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है।

जिला नियंत्रण कक्ष का नंबर 06183-223333 और डुमरांव अनुमंडल नियंत्रण कक्ष का नंबर 06323-222781 जारी किया गया है। 17 अक्टूबर के अपराह्न से 22 अक्टूबर तक अथवा प्रतिमा विसर्जन समाप्त होने और स्थिति सामान्य होने तक पुलिस बल एवं दंडाधिकारी तैनात रहेंगे। प्रशासन ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय और सतर्कता के साथ जिम्मेदारी निभाने का निर्देश दिया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button