Uncategorized

सरस्वती पूजा पर बक्सर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद

डीएम-एसपी की ब्रीफिंग, विसर्जन तक सख्त निगरानी के निर्देश

बक्सर। सरस्वती पूजा (बसंत पंचमी), 2026 को लेकर बक्सर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। पूजा एवं प्रतिमा विसर्जन के दौरान विधि-व्यवस्था और साम्प्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला दंडाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने जिला निबंधन एवं परामर्श केंद्र में प्रशासनिक व पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग की।

ब्रीफिंग में सभी अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, थानाध्यक्ष एवं पुलिस निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार भ्रमणशील रहने, शांति समिति सदस्यों व कांटेक्ट एजेंटों के माध्यम से गुप्त सूचनाएं संकलित करने तथा किसी भी संवेदनशील स्थिति पर त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि 22 जनवरी की अपराह्न 2 बजे से 24 जनवरी तक प्रतिमा विसर्जन अथवा स्थिति सामान्य होने तक सभी प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी एवं पुलिस बल अपने-अपने स्थानों पर तैनात रहेंगे। विसर्जन स्थलों पर वीडियोग्राफी, गोताखोरों की तैनाती, अग्निशमन एवं आपदा प्रबंधन की समुचित व्यवस्था की गई है।

इसी क्रम में सिमरी थाना क्षेत्र में थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी के नेतृत्व में पुलिस द्वारा फ्लैग मार्च निकालकर लोगों से शांति व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई।

जिला प्रशासन ने डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध, आपत्तिजनक गानों पर सख्त कार्रवाई, सुचारू यातायात व्यवस्था, निर्बाध विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं की तैयारी तथा सोशल मीडिया पर कड़ी निगरानी के निर्देश जारी किए हैं। समाहरणालय परिसर में 24 घंटे सक्रिय जिला नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। प्रशासन ने आम लोगों से अफवाहों से दूर रहते हुए शांति, संयम और सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button