आल न्यूजबक्सरबिहार

सिमरी में चार मेधावी विद्यार्थियों को मिला डॉ. भाभा सम्मान

मैट्रिक परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र सम्मानित, क्विज प्रतियोगिता से बढ़ाया बच्चों का उत्साह

सिमरी/बक्सर। सिमरी स्थित सरस्वती विद्या निकेतन आदर्श विद्यालय के प्रांगण में डॉ. होमी जहांगीर भाभा पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इसमें बिहार विद्यालय परीक्षा समिति की माध्यमिक परीक्षा में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले चार मेधावी विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र एवं नकद धनराशि देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा, विज्ञान और शोध के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना था।

डॉ. होमी जहांगीर भाभा संस्थान में वैज्ञानिक पद पर कार्यरत डॉ. संतोष कुमार दुबे तथा कमांडेंट रितेश कुमार राय के सौजन्य से प्रतिवर्ष यह सम्मान प्रदान किया जाता है। इसी कड़ी में विद्यालय परिवार ने दोनों अतिथियों के सानिध्य में समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यालय के पूर्व शिक्षक हरिनारायण राय एवं पूर्व प्रभारी प्रधानाध्यापक अरुण कुमार तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। मंच संचालन अवधेश राय ने किया।

इन विद्यार्थियों को मिला सम्मान

समारोह में अनुप कुमार ने 92.4 प्रतिशत अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान हासिल किया। दिव्यांशु पाण्डेय 90.2 प्रतिशत अंकों के साथ द्वितीय, अमन कुमार 89.6 प्रतिशत अंकों के साथ तृतीय तथा रोहित कुमार 89.4 प्रतिशत अंकों के साथ चतुर्थ स्थान पर रहे। चारों विद्यार्थियों को प्रमाणपत्र और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत स्वागत भाषण एवं छात्राओं के स्वागत गीत से हुई। इसके बाद अतिथियों को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यार्थियों के ज्ञान और बौद्धिक क्षमता को प्रोत्साहित करने के लिए क्विज प्रतियोगिता भी आयोजित की गई।

वैज्ञानिक सोच विकसित करने पर जोर

इस अवसर पर डॉ. संतोष कुमार दुबे ने महान वैज्ञानिक डॉ. होमी जहांगीर भाभा के जीवन, वैज्ञानिक उपलब्धियों और भारत के परमाणु कार्यक्रम में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति रुचि विकसित करने, निरंतर अध्ययन करने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।

वक्ताओं ने कहा कि प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने से उनमें आत्मविश्वास बढ़ता है और वे भविष्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित होते हैं। कमांडेंट रितेश कुमार राय, हरिनारायण राय, अरुण कुमार तिवारी, सीमा ओझा एवं अवधेश राय ने भी अपने विचार रखे।

समारोह में शिक्षक राजेंद्र सिंह, सूर्यकुमार यादव, विनोद राम, अशोक पाल, दिनेश कुमार तिवारी, संजय तिवारी, अटल बिहारी राय, सत्यम कुमार चौबे, अल्पना राय, सोनम कुमारी, तृप्ति कुमारी, कनकलता, मनीष कुमार एवं रिजवान फरीदी सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button