‘मेरा पेट खराब होने वाला है’…’मां का निधन होने वाला है’!
छुट्टी के लिए बिहार के शिक्षक दे रहे अजीबोगरीब आवेदन

बांका जिले में इन दिनों छुट्टी के लिए शिक्षकों के आवेदन चर्चा का विषय बने हुए हैं। आखिर हो भी क्यों न, यहां के शिक्षक एडवांस में मृत्यु व अन्य बीमारियों की आशंका जताकर आक्समिक अवकाश जो मांग रहे हैं। इसकी बानगी देखिए… कटोरिया के एक शिक्षक ने आवेदन दिया है कि शादी में खाना खाकर उनका पेट खराब हो जाएगा। इस कारण उन्हें दो दिनों की छुट्टी दी जाए। इसी तरह धोरैया पीपरा स्कूल के अजय कुमार ने लिखा है कि उनकी मां बीमार है। पांच दिसंबर की रात आठ बजे उनका निधन हो जाएगा। इसलिए छह और सात दिसंबर के लिए आकस्मिक अवकाश स्वीकृत की जाए। शिक्षकों के ऐसे अजीबो-गरीब आवेदन पर शिक्षा विभाग के अधिकारी अपना सिर पीट रहे हैं।
प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान सचिवघनश्याम प्रसाद यादव ने कहा कि प्रमंडल या जिलास्तर के अधिकारी का काम सरकार के नियमावली का अनुपालन कराना है। पत्र निकालने वाले अधिकारी को नियमावली बनाने का अधिकार किसने दिया है। सीएल के आदेश का मामला मैं पटना तक पहुंचा चुका हूं। शुक्रवार को संघ के साथ शिक्षा अधिकारियों से मिलने पटना जा रहा हूं। संगठन इस आदेश की कड़ी निंदा करता है।




