जनसंख्या नियंत्रण पर क्या बोले रवि किशन

देश में जनसंख्या नियंत्रण बिल को लेकर बहस चल रही है. बढ़ती जनसंख्या को लेकर हर कोई चिंतित है. इसी बीच बीजेपी सांसद ने रवि किशन ने बढ़ती जनसंख्या का दोष कांग्रेस पर मढ़ दिया है. अभिनेता से नेता बने रवि किशन ने शुक्रवार (9 दिसंबर) को कहा कि अगर कांग्रेस जनसंख्या नियंत्रण बिल लाई होती तो आज मैं 4 बच्चों का पिता नहीं होता. इसके लिए कांग्रेस जिम्मेदार है.
गोरखपुर से सांसद रवि किशन ने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह चार बच्चों के पिता हैं और बढ़ती जनसंख्या की परेशानी समझते हैं. उन्होंने आज तक के कार्यक्रम में कहा कि मेरे चार बच्चे हैं, यह कोई गलती नहीं है. अगर कांग्रेस सरकार विधेयक लाती, कानून होता तो हमारे चार बच्चे नहीं होते.
उन्होंने कहा कि पिछली सरकार को इस मामले में सतर्क रहना चाहिए था और अगर उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून बनाया होता तो उनके चार बच्चे नहीं होते. कांग्रेस के समय में जनसंख्या नियंत्रण को लेकर जागरूकता नहीं पैदा की गई थी इसलिए अब बीजेपी सरकार को जनसंख्या नियंत्रण बिल लेकर आना पड़ रहा है.
रवि किशन ने यह भी कहा कि वह इस संबंध में संसद में एक प्रस्ताव पेश करने जा रहे हैं. इसके अलावा, उन्होंने स्वीकार किया कि अब जब उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के बारे में सोचा, तो उन्हें पछतावा हुआ कि उनके चार बच्चे हैं.
उन्होंने आगे कहा कि चीन ने जनसंख्या को नियंत्रित कर लिया है. यदि हमारे देश की पिछली सरकारें विचारशील होतीं तो पीढ़ियां संघर्ष न करतीं. बीजेपी सांसद रवि किशन ने कहा कि बीजेपी (BJP) के नेतृत्व वाली मौजूदा सरकार न केवल मंदिरों का निर्माण कर रही है बल्कि सड़कों का भी निर्माण कर रही है. उन्होंने कहा कि जब कॉरिडोर बन रहा है तो एम्स भी बन रहा है.




