अपराधबिहार

बेतिया में भाजपा नेता का ससुराल में गन्ने के खेत से मिला शव

बेतिया के मझौलिया थाना क्षेत्र स्थित माधोपुर में बेखौफ अपराधियों ने भाजपा नेता भुनेश्वर प्रसाद कुशवाहा उर्फ भुनेश्वर भगत (60 वर्ष) की हत्या कर शव गन्ने के खाली खेत में फेंक दिया। घटना की सूचना पर मझौलिया पुलिस के साथ सदर एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय सोमवार की सुबह मौके पर पहुंचे और माधोपुर सरेह के पोखरा के पास स्थित गन्ने के खाली खेत से शव बरामद किया।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भेज दिया है। फिलहाल, घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस का कहना है कि भाजपा नेता की हत्या गला दबाकर की गई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

मूल रूप से पूर्वी चंपारण के तुरकौलिया के रहने वाले भुनेश्वर भगत पिछले कई वर्षों से अपने ससुराल माधोपुर में रहते थे। वे वर्षों से भाजपा से जुड़े थे। दस वर्ष पूर्व वे भाजपा के मझौलिया प्रखंड के उपाध्यक्ष भी रहे थे। फिलवक्त में भाजपा बूथ कमेटी के सक्रिय सदस्य थे।

मृतक के पुत्र सुभाष भगत ने बताया कि रविवार की शाम उनके पिता गांव के ही भाजपा के मंडल उपाध्यक्ष माधोपुर बाबूटोला निवासी कौशल किशोर सिंह के घर गए थे। वहां से फोन कर उन्होंने बताया कि खाना खाकर घर आएंगे। रात नौ बजे तक वापस नहीं लौटे तो खोजबीन शुरू की गई। उनका मोबाइल फोन स्विच ऑफ था। वहीं, कौशल किशोर सिंह ने बताया कि मुनेश्वर भगत अक्सर उनके यहां आते-जाते थे। सोमवार की शाम करीब आठ बजे खाना खाए और चले गए। रात करीब नौ बजे उनके स्वजन उनके बारे में पूछताछ करने आए थे। इसी बीच सुबह में गांव के लोग सरेह में गए तो शव बरामद किया गया।इधर, इस घटना को लेकर लोगों द्वारा तरह-तरह की आशंका व्यक्त की जा रही है। मृतक के तीन पुत्र और तीन पुत्रियां हैं। सब की शादी-ब्याह हो गई है। घटना के बाद उनके घर में कोहराम मचा है। इस बावत एसडीपीओ मुकुल परिमल पांडेय ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। प्रथम दृष्टया गला दबाकर हत्या करने की आशंका है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकता है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button