राजपुर सीट से भीम आर्मी सह आज़ाद समाज पार्टी के अनिल कुमार प्रधान ने भरी चुनावी हुंकार
राजपुर विधानसभा क्षेत्र में जय भीम की गूंज

बक्सर। जिले में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नज़दीक आ रहे हैं, राजनीतिक माहौल में गर्मी बढ़ने लगी है। भीम आर्मी सह आज़ाद समाज पार्टी के सुप्रीमो और नगीना (उत्तर प्रदेश) के बिजनौर जिला लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आज़ाद के आह्वान पर, राजपुर विधानसभा क्षेत्र से पार्टी के संभावित प्रत्याशी अनिल कुमार प्रधान ने चुनावी मैदान में जय भीम की गूंज के साथ उतरने का ऐलान करते हुए ताल ठोक दी है।
पत्रकारों से बातचीत में अनिल कुमार प्रधान ने कहा कि जिले के गरीब, शोषित, वंचित और किसान वर्ग की दशकों से अनदेखी हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि “जिले के किसी भी प्रखंड में इनकी आवाज़ उठाने वाला न कोई विधायक है, न मंत्री और न सांसद। सरकारी दफ्तरों में रिश्वतखोरी और भ्रष्टाचार चरम पर है, जिससे गरीबों का खुला शोषण हो रहा है।”
प्रधान ने चेतावनी दी कि यदि जनता ने उन्हें विधायक चुना, तो इस तरह के ‘जुल्म’ और भ्रष्टाचार को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी प्राथमिकता जनता के अधिकारों की रक्षा और प्रशासनिक तंत्र में पारदर्शिता सुनिश्चित करना होगा।
गौरतलब है कि बक्सर जिले के विभिन्न प्रखंडों में अनिल कुमार प्रधान का जनसंपर्क अभियान तेज़ी से जारी है। समर्थकों का दावा है कि इस बार राजपुर सीट पर भीम आर्मी सह आज़ाद समाज पार्टी मजबूत चुनौती पेश करेगी।
सुंदर लाल की रिपोर्ट




