करंट की चपेट में आने से पिता-पुत्र की मौत, गांव में मातम
सिमरी थाना क्षेत्र के दुरासन गांव में हुई घटना

बक्सर। जिले के सिमरी थाना क्षेत्र के काजीपुर पंचायत अंतर्गत दुरासन गांव में गुरुवार की रात एक दर्दनाक हादसे में पिता-पुत्र की मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
ग्रामीणों के अनुसार, अनिल कुमार राय संध्या लगभग 7:30 बजे अपने खेत पर गए थे और विद्युत संचालित मोटर के तार के चपेट मे आ गए और जमीन पर गिरकर छटपटाने लगे । पास में मौजूद पानी के कारण करंट का प्रभाव और भी बढ़ गया। उनको छाटपटाते देख उनका पुत्र अनिकेश राय उम्र 20 वर्ष उन्हें बचाने के लिए दौड़ा, लेकिन वह भी करंट की चपेट में आ गया। शोरगुल के बाद परिजन और ग्रामीण पहुंचे विद्युत तार का संपर्क हटाया और दोनों पिता पुत्र को बक्सर सदर अस्पताल ले गए । जहा डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही सैकड़ों ग्रामीण पहुंचे और सांत्वना देने लगे । यह खबर फेसबुक और सोशल मीडिया पर भी तेजी से फैल गई।
थानाध्यक्ष ज्योति कुमारी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। विस्तृत जानकारी घटनास्थल पर जांच के बाद दी जाएगी।
गांव के लोगों ने इस घटना को अत्यंत दुःखद बताते हुए कहा कि ईश्वर परिजनों को इस अपार क्षति को सहन करने की शक्ति दें।




