Uncategorizedबक्सरबिहार

स्वच्छता अभियान की शुरुआत, 2 अक्टूबर तक चलेगा कार्यक्रम

प्रखंड सभागार में बीडीओ और सीओ ने किया संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलन

बक्सर। प्रखंड सभागार में मंगलवार को स्वच्छता अभियान का शुभारंभ धूमधाम से किया गया। यह कार्यक्रम 17 सितंबर से लेकर राष्ट्रीय स्वच्छता दिवस 2 अक्टूबर तक चलाया जाएगा। उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) लोकेंद्र यादव और अंचलाधिकारी (सीओ) भगवती शंकर पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।

कार्यक्रम के दौरान बीडीओ ने अपने संबोधन में कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम तक सीमित नहीं है, बल्कि यह जीवनशैली का हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने ग्रामीणों और पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि गांव-गांव में जागरूकता फैलाकर स्वच्छता को जनआंदोलन का रूप दें। वहीं, सीओ ने कहा कि प्रधानमंत्री के स्वच्छ भारत मिशन का लक्ष्य तभी पूरा होगा जब हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझकर गांव और मोहल्ले को स्वच्छ रखने में योगदान देगा।

इस मौके पर वॉटर एड संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों ने शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पेयजल के अभाव में स्वच्छता अभियान अधूरा रह जाएगा, इसलिए हर पंचायत में सुरक्षित जल की पहुंच सुनिश्चित करना प्राथमिकता है।

सभा में इंदिरा आवास सहायक, स्वच्छता पर्यवेक्षक, पंचायत प्रतिनिधि, मुखिया, मुखिया प्रतिनिधि सहित कई अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि 2 अक्टूबर तक चलने वाले इस विशेष अभियान में घर-घर साफ-सफाई, सार्वजनिक स्थलों की स्वच्छता, कचरा प्रबंधन और पेयजल की शुद्धता पर जोर दिया जाएगा।

गांव के लोगों को इस दौरान प्रेरित किया जाएगा कि वे शौचालय का नियमित प्रयोग करें और खुले में शौच की पुरानी आदत को त्यागें। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य लोगों में स्वच्छता के प्रति व्यवहारिक बदलाव लाना है ताकि आने वाली पीढ़ी को एक साफ और स्वस्थ वातावरण मिल सके।

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों और प्रतिनिधियों ने शपथ ली कि वे स्वच्छता अभियान को सफल बनाने के लिए अपनी पूरी जिम्मेदारी निभाएंगे और समाज को स्वच्छ एवं स्वस्थ बनाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button