Uncategorizedबक्सरबिहार

बक्सर में चुनावी मुकाबला रोचक: ब्रह्मपुर से लोजपा प्रत्याशी हुलास पांडे ने भरा नामांकन, बोले—जनता अब बदलाव चाहती है

समर्थकों में दिखा उत्साह फूल माला से किया सम्मानित

डुमरांव (बक्सर),
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बक्सर जिले में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। शुक्रवार को ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के प्रत्याशी हुलास पांडे ने डुमरांव अनुमंडल कार्यालय पहुंचकर दूसरी बार अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद जैसे ही वे बाहर निकले, समर्थकों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल-मालाओं से लाद दिया और “चिराग पासवान जिंदाबाद”, “हुलास पांडे जिंदाबाद” के नारे गूंजते रहे।

हुलास पांडे ने मीडिया से बातचीत में कहा कि इस बार जनता का मूड पूरी तरह बदल चुका है। उन्होंने कहा, “ब्रह्मपुर की सम्मानित जनता अब विकास चाहती है, खोखले वादे नहीं। जनता अब जाग चुकी है और इस बार हमें भरपूर समर्थन मिलने वाला है।”

वर्तमान विधायक शंभू नाथ सिंह यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि “व्यवसाय करने वाले विधायक से जनता ऊब चुकी है। जनता ने अब ठान लिया है कि वह ऐसे प्रतिनिधि को चुनेगी जो जनता के बीच रहे और उनके हितों के लिए लड़े।”

हुलास पांडे ने कहा कि अगर जनता ने उन्हें सेवा का मौका दिया तो उनकी पहली प्राथमिकता ब्रह्मपुर विधानसभा का सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसानों की समस्याओं का समाधान, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं में सुधार, युवाओं को रोजगार, तथा महिलाओं को घरेलू उद्योगों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना उनकी मुख्य योजनाओं में शामिल रहेगा।

उन्होंने आगे कहा कि वे राजनीति को सेवा का माध्यम मानते हैं, न कि व्यवसाय का। “जनता से किया गया हर वादा निभाना मेरी जिम्मेदारी होगी। सड़क, बिजली, पानी और रोजगार की दिशा में ठोस कदम उठाए जाएंगे,” उन्होंने कहा।

ब्रह्मपुर विधानसभा क्षेत्र में इस बार मुकाबला काफी दिलचस्प होता दिख रहा है। हुलास पांडे के मैदान में उतरने से लोजपा (रामविलास) समर्थकों में नई ऊर्जा देखने को मिल रही है, जबकि दूसरी ओर राजद प्रत्याशी और मौजूदा विधायक शंभू नाथ सिंह यादव भी अपने जनसंपर्क अभियान में जुटे हैं। चुनावी माहौल अब पूरी तरह से गर्म हो चुका है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button