बक्सर में 18 नवंबर को लगेगा एक दिवसीय रोजगार शिविर
युवाओं हेतु दो कंपनियों में प्रशिक्षण व नौकरी का सुनहरा अवसर

बक्सर जिले में बेरोजगार युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करते हुए श्रम संसाधन विभाग, बिहार सरकार के तत्वाधान में जिला नियोजनालय बक्सर द्वारा 18 नवंबर 2025 को एक दिवसीय रोजगार शिविर का आयोजन किया जा रहा है। यह शिविर संयुक्त श्रम भवन, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) बक्सर परिसर में आयोजित होगा, जिसकी जानकारी प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने दी है।
रोजगार शिविर में दो प्रतिष्ठित कंपनियाँ भाग ले रही हैं। पहली कंपनी SATA VIKAS INDIAN PVT. LTD है, जो 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के 12वीं या आईटीआई उत्तीर्ण उम्मीदवारों को प्रशिक्षण हेतु 20 पदों पर चयन करेगी। चयनित अभ्यर्थियों को हरियाणा में 12,758 से 13,320 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
दूसरी कंपनी WESTERN REFRIGERATION PVT. LTD है, जो 18 से 35 वर्ष आयु सीमा वाले 12वीं–आईटीआई धारकों के लिए 30 पदों की पेशकश कर रही है। गुजरात स्थित कार्यस्थल के लिए कंपनी द्वारा 19,600 रुपये मासिक स्टाइपेंड प्रदान किया जाएगा।
प्रभारी जिला नियोजन पदाधिकारी ने इच्छुक अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे 18 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे के बीच सभी आवश्यक दस्तावेजों—आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण पत्र, बायोडाटा एवं ग्रेजुएशन प्रमाण पत्र—के साथ उपस्थित हों।
शिविर स्थल पर ही NCS पोर्टल पर निशुल्क निबंधन की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अधिकारी ने युवाओं से आग्रह किया है कि वे इस सुनहरे अवसर का लाभ अवश्य उठाएँ।
जिला जन संपर्क पदाधिकारी, बक्सर




