राज्य स्तरीय वुशू प्रतियोगिता का बक्सर में हुआ भव्य उद्घाटन
जिला पदाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और उप विकास आयुक्त ने संयुक्त रूप से किया दीप प्रज्ज्वलन

बक्सर। खेल विभाग, बिहार राज्य खेल प्राधिकरण पटना एवं जिला प्रशासन बक्सर के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित राज्य स्तरीय (अंतर प्रमंडल) वुशू खेल प्रतियोगिता (बालक/बालिका, अंडर-19) का भव्य शुभारंभ बुधवार को नगर भवन परिसर में किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी बक्सर डॉ. विद्यानंद सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य एवं उप विकास आयुक्त श्री आकाश चौधरी द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। यह प्रतियोगिता 20 से 22 नवम्बर तक चलेगी, जिसमें राज्य के विभिन्न प्रमंडलों से आए प्रतिभागी अपने कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन अवसर पर जिला पदाधिकारी ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि वुशू न केवल शरीर को सुदृढ़ बनाता है, बल्कि मन को भी अनुशासित करता है। यह तेज़ी, लचीलापन, फुर्ती और सहनशक्ति बढ़ाने में अत्यंत प्रभावी माना जाता है। उन्होंने खिलाड़ियों को अनुशासन, समर्पण और खेल भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने की शुभकामनाएँ दीं। पुलिस अधीक्षक एवं उप विकास आयुक्त ने भी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
कार्यक्रम के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक को शॉल, मोमेंटो एवं पुष्प गुच्छ देकर विशेष कार्य पदाधिकारी श्री विनीत कुमार द्वारा सम्मानित किया गया। वहीं वरीय उप समाहर्ता एवं उपाधीक्षक (शारीरिक शिक्षा) श्री आलोक कुमार वत्स ने उप विकास आयुक्त को सम्मानित किया।
श्री रवि बहादुर सिंह, वरीय उप समाहर्ता, द्वारा अनुमंडल पदाधिकारी बक्सर एवं विशेष कार्य पदाधिकारी को भी शॉल और मोमेंटो प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन शारीरिक शिक्षक श्री अशोक कुमार ने कुशलतापूर्वक किया। प्रतियोगिता को सफल बनाने में श्री कन्हैया लाल, श्री मदन कुमार, सत्येंद्र कुमार सिंह, संजय कुमार, मो. मुस्लिम, गुरुश कुमार उपाध्याय, सावित्री सिंह, शम्मा परवीन, उषा मिश्रा, अंजू कुमारी समेत कई शारीरिक शिक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।
तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता को लेकर खिलाड़ियों में उत्साह देखने को मिल रहा है और नगर भवन परिसर खेलोत्सव जैसी माहौल से गुलजार है।




