Uncategorizedबक्सरबिहार

मुख्यमंत्री ने महिला रोजगार योजना के तहत 10 लाख लाभुकों को सौंपे आर्थिक सहयोग

बक्सर में सीधा प्रसारण, 14 हजार से अधिक जीविका दीदियों को ₹14 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण

बक्सर। महिलाओं को रोजगार एवं उद्यमिता से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से संचालित मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के अंतर्गत शनिवार को राज्यभर में बड़ा वित्तीय अंतरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। दिनांक 26 सितंबर 2025 को प्रधानमंत्री के कर कमलों से प्रारंभ हुई इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत आज माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 10 लाख महिला लाभुकों को प्रति लाभुक ₹10,000 की दर से कुल ₹1000 करोड़ की राशि का अंतरण किया।
इस कार्यक्रम का सीधा प्रसारण समाहरणालय बक्सर के सभाकक्ष में किया गया, जहां अधिकारियों और जीविका समूहों की महिलाओं ने सहभागिता की।

योजना के अंतर्गत राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को अपनी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए प्रारंभिक वित्तीय सहायता दी जा रही है। बाद में आवश्यकता और आकलन के आधार पर ₹2 लाख तक की अतिरिक्त राशि उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है। रोजगार चयन, प्रशिक्षण और कार्य आरंभ करने में स्थानीय स्वयं सहायता समूह महिलाओं को सहयोग प्रदान करेंगे। साथ ही उनके उत्पादों की बिक्री के लिए गांव से शहर तक हाट-बाजार विकसित किए जा रहे हैं।

बक्सर जिले में आज कुल 14,057 जीविका दीदियों को ₹10,000 प्रति लाभुक के अनुसार ₹14,05,70,000 की राशि का अंतरण किया गया। अब तक जिले की 1,92,963 महिलाएं इस योजना से लाभान्वित हो चुकी हैं।

यह योजना महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर राज्य के विकास में उनके योगदान को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button