Uncategorizedबक्सरबिहार

किला मैदान में 18 दिसंबर को रोजगार सह मार्गदर्शन मेला

जिले के युवाओं को मिलेगा रोजगार व कौशल प्रशिक्षण अवसर

समाहरणालय बक्सर के तत्वावधान में जिला जन संपर्क कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, जिले के युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का एक सुनहरा अवसर प्रदान किया जा रहा है। दिनांक 18 दिसंबर 2025 को किला मैदान, बक्सर में जीविका के माध्यम से रोजगार सह मार्गदर्शन मेला का आयोजन किया जाएगा। इस मेले का आयोजन दीन दयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना (DDU-GKY) के अंतर्गत किया जा रहा है, जिसका शुभारंभ जिला पदाधिकारी बक्सर की अध्यक्षता में होगा।

यह रोजगार सह मार्गदर्शन मेला विशेष रूप से 18 से 35 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं के लिए आयोजित किया जा रहा है। मेले में जिले के अभ्यर्थियों का पंजीयन किया जाएगा तथा योग्य अभ्यर्थियों को ऑन द स्पॉट नियुक्ति पत्र भी वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही चयनित युवाओं को नियुक्ति प्रक्रिया के अगले चरण के लिए भी आगे बढ़ाया जाएगा, जिससे उन्हें शीघ्र रोजगार मिल सके।

जीविका प्रखंड परियोजना क्रियान्वयन इकाई, सदर बक्सर के माध्यम से आयोजित इस मेले में युवाओं को रोजगार के साथ-साथ स्वरोजगार से जुड़ी विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी जिला ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में भी पंजीकरण कर लाभ उठा सकते हैं। यहां युवाओं को स्वरोजगार के लिए आवश्यक प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।

जिला परियोजना प्रबंधक, जीविका बक्सर श्री दयानिधि चोबे ने बताया कि इस रोजगार सह मार्गदर्शन मेले का मुख्य उद्देश्य जिले के युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। मेले में दीनदयाल उपाध्याय ग्रामीण कौशल्य योजना के अंतर्गत संचालित विभिन्न रोजगारपरक एवं स्वरोजगार से जुड़े प्रशिक्षण संस्थानों की जानकारी भी दी जाएगी।

अभ्यर्थी विभिन्न ट्रेड से संबंधित कोर्स में निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण का लाभ ले सकते हैं। प्रशिक्षण के दौरान युवक-युवतियों के लिए निःशुल्क रहने, खाने एवं प्रशिक्षण की समुचित व्यवस्था उपलब्ध रहती है। अधिक से अधिक युवाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए गांव-गांव जाकर कौशल रथ के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। साथ ही जीविका के सामुदायिक संगठनों की बैठकों में चर्चा कर तथा जीविका दीदियों के माध्यम से भी युवाओं को मेले की जानकारी दी जा रही है।

जिला जन संपर्क पदाधिकारी
बक्सर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button