एमएलसी उपचुनाव को लेकर प्रशासन पूरी तरह सतर्क और तैयार
11 मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण मतदान हेतु अधिकारियों को ब्रीफिंग

बक्सर, सोमवार।
बिहार विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकारी निर्वाचन क्षेत्र 06-भोजपुर-सह-बक्सर के उप निर्वाचन 2026 को निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सक्रिय और सतर्क नजर आ रहा है। सोमवार को समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में मतदान कार्य में प्रतिनियुक्त अधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की संयुक्त ब्रीफिंग आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिला पदाधिकारी श्रीमती साहिला एवं पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में मतदान दल, सेक्टर दण्डाधिकारी, जोनल दण्डाधिकारी, सुपर जोनल दण्डाधिकारी तथा प्रतिनियुक्त पुलिस अधिकारियों को निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला पदाधिकारी ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में निर्वाचन अत्यंत महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और इसे सफलतापूर्वक सम्पन्न कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से पूरी निष्ठा, सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण मतदान सम्पन्न कराने में पीठासीन पदाधिकारी की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण होती है। पीठासीन पदाधिकारी मतदान प्रक्रिया का कप्तान होता है, इसलिए मतदान केंद्रों पर किसी प्रकार की अव्यवस्था या विवाद की स्थिति उत्पन्न नहीं होनी चाहिए। सभी मतदान कर्मियों को आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करने का निर्देश दिया गया।
पुलिस अधीक्षक श्री शुभम आर्य ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को विशेष रूप से सतर्क रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि मतदान केंद्रों के 200 मीटर की परिधि में किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। सेक्टर पदाधिकारी, दण्डाधिकारी एवं पुलिस बल यह सुनिश्चित करेंगे कि मतदान प्रक्रिया के दौरान कोई बाहरी व्यक्ति, समर्थक या मतदाता का बॉडीगार्ड मतदान केंद्र के आसपास प्रवेश न कर सके।
प्रशासन द्वारा मतदाताओं के लिए पहचान संबंधी दस्तावेजों की भी जानकारी दी गई। मतदान के दौरान मतदाता फोटो पहचान पत्र (ईपिक), फोटोयुक्त अन्य वैध दस्तावेज अथवा स्थानीय प्राधिकार द्वारा निर्गत पहचान पत्र का उपयोग अपनी पहचान स्थापित करने हेतु कर सकेंगे।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि बक्सर जिले में कुल 11 मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जो संबंधित प्रखंड कार्यालयों में स्थापित किए गए हैं। इन केंद्रों पर स्थानीय प्राधिकारी के मतदाता, जिनमें लोकसभा सदस्य, विधायक, जिला परिषद सदस्य, पंचायत समिति सदस्य, मुखिया, वार्ड सदस्य तथा नगर निकाय प्रतिनिधि शामिल हैं, अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
बक्सर जिले में कुल 2303 मतदाता हैं, जिनमें 1083 पुरुष एवं 1220 महिला मतदाता शामिल हैं। मतदान मंगलवार को सुबह 8 बजे से अपराह्न 4 बजे तक होगा। जिला प्रशासन ने विश्वास जताया कि सभी अधिकारियों एवं पुलिस बलों के सहयोग से निर्वाचन प्रक्रिया पूरी तरह शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में सम्पन्न कराई जाएगी।




